App

कूनो से फिर आई बड़ी खुशखबरी: तेजी से फल-फूल रहा चीतों का कुनबा, 4 नए शावकों के साथ संख्या हुई 62, जानिए कैसे सफल हो रहा मिशन

कूनो नेशनल पार्क से फिर खुशखबरी आई है और बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता KOMG3 ने चार शावकों को जन्म दिया है. इसके बाद चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है.

कूनो से फिर आई बड़ी खुशखबरी: तेजी से फल-फूल रहा चीतों का कुनबा, 4 नए शावकों के साथ संख्या हुई 62, जानिए कैसे सफल हो रहा मिशन
Image Credit: 62 में से 43 चीतों का जन्म भारत में हुआ है.

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर सुकून देने वाली खुशखबरी सामने आई है. बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता KOMG3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है, जिसके साथ ही कूनो की धरती पर अब चीतों का कुल कुनबा बढ़कर 62 तक पहुंच गया है. खास बात है कि 62 में से 43 चीतों का जन्म भारत में हुआ है. यह सिर्फ एक आंकड़ा भर नहीं है, बल्कि भारत के महत्वाकांक्षी चीता पुनर्स्थापना प्रोजेक्ट की जमीनी सफलता का जीता-जागता प्रमाण भी है. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसकी जानकारी दी है.

जब इस प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी, तब तमाम तरह की आशंकाएं जताई गई थीं, लेकिन सख्त निगरानी, बेहतर हैबिटेट मैनेजमेंट और बदलते मौसम में चीतों के तेजी से ढलने की क्षमता ने इन चुनौतियों को पीछे छोड़ दिया है. चार नए नन्हे मेहमानों के आने से यह साफ हो गया है कि कूनो का वातावरण अब इन अफ्रीकी चीतों को पूरी तरह रास आ रहा है और यहां उनकी नई पीढ़ी सुरक्षित रूप से फल-फूल रही है.

बोत्सवाना से आई पहली मादा चीता ने शावकों को दिया जन्म

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स पर लिखा, 'बोत्सवाना से आई ढाई साल की मादा चीता KOMG 3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. खास बात यह है कि वह बोत्सवाना से आई पहली मादा चीता है, जिसने बच्चों को जन्म दिया है. यह 'प्रोजेक्ट चीता' के लिए एक अहम पल है और भारत में चीतों की आबादी को फिर से बसाने की दिशा में एक गर्वपूर्ण उपलब्धि है. जंगल में चार महीने से अधिक समय बिताने के बाद KOMG 3 ने अब प्राकृतिक माहौल में बच्चों को जन्म दिया है.'

उन्होंने आगे लिखा, '2022 में चीतों को फिर से बसाने का कार्यक्रम शुरू होने के बाद से जंगल में जन्म का यह दूसरा मामला दर्ज किया गया है. इन चार नए शावकों के आने से भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 ऐसे चीते शामिल हैं जिनका जन्म भारत में हुआ है. इस तरह का हर जन्म हमारी उम्मीदों को बढ़ाता है, हमारे संकल्प को मजबूत करता है और हमें याद दिलाता है कि संरक्षण का काम धैर्य, लगन और सामूहिक प्रयासों की एक लंबी यात्रा है. इस उपलब्धि के पीछे प्रबंधकों, पशु चिकित्सकों, वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों और 'प्रोजेक्ट चीता' की सफलता के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले सभी लोगों का अथक समर्पण और कठिन परिश्रम शामिल है.'

 

 

मध्य प्रदेश के लिए यह विशेष गर्व का विषय: सीएम मोहन यादव

सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा, 'प्रोजेक्ट चीता के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि! बोत्सवाना से लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता KOMG 3 ने आज कूनो राष्ट्रीय उद्यान के जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. इस उपलब्धि के साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 चीतों ने भारत में जन्म लिया है. चार वर्ष पूर्व शुरू हुआ चीता पुनर्वास कार्यक्रम एक उल्लेखनीय उदाहरण बना है. यह आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में वन्यजीव संरक्षण के संकल्प की बड़ी सफलता है. मध्य प्रदेश के लिए यह विशेष गर्व का विषय है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रोजेक्ट चीता से जुड़े सभी वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों एवं वनकर्मियों को हार्दिक बधाई.'

 

 

जानिए कैसे सफल हो रहा चीता प्रोजेक्ट?

भारत में साल 2022 में चीतों को दोबारा बसाने का सफर शुरुआत हुई थी, तब इस प्रोजेक्ट में काफी चुनौतियां थीं. हालांकि, कूनो नेशनल पार्क में लगातार बढ़ती चीतों की संख्या से यह बात और साफ हो गई है कि यह मिशन अब रफ्तार पकड़ चुका है. शुरुआत में मानसून और बदलते मौसम में सेहत से जुड़ी दिक्कतें आईं, लेकिन समय के साथ चीतों ने यहां के माहौल को अपनाया और वन विभाग की टीमों ने उनके लिए सुरक्षित इंतजाम किए. पहले चीतों को निगरानी के लिए विशेष बाड़ों में रखा गया, ताकि वे नई जगह के हिसाब से खुद को ढाल सकें और शिकार करना सीखें. इसके बाद उन्हें जंगलों में छोड़ा गया. हर चीते की हरकत पर रेडियो कॉलर और फील्ड स्टाफ के जरिए नजर रखी गई. किसी भी तरह की चोट, बीमारी या खतरे की स्थिति में डॉक्टरों और ट्रैकरों की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो