)
दिल्ली में इस हफ्ते SCO सभ्यतागत संवाद मंच (SCO Civilisational Dialogue Forum) होने जा रहा है. यह कार्यक्रम 20 से 22 नवंबर तक राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित हो रहा है. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ चुके हैं.
सूत्रों के मुताबिक, अपनी भारत यात्रा के दौरान मलिक ने कई जगहों पर जाने की योजना बनाई थी, जिस पर केंद्र सरकार ने अब जवाब दिया है.
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी मंत्री ने आगरा में ताजमहल और दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन भारत सरकार ने उन्हें प्रोटोकॉल समझाया. इसके बाद भी जब पाकिस्तानी पक्ष की ओर से खुशामद जारी रही तो उन्हें ताजमहल देखने के लिए जाने की मंजूरी दे दी गई.
बताते चलें कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने पिछले साल मई में पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च करके उसके कई सैन्य ठिकाने ध्वस्त कर दिए थे. यह झड़प 4 दिनों तक चली थी, जिसमें भारत की ब्रह्मोस मिसाइलों ने पाकिस्तान में दहशत मचा दी थी. बाद में, पाकिस्तानी सेना की ओर से युद्धविराम के आग्रह के बाद भारत ने अपनी यह कार्रवाई रोकी थी.
इस सैन्य झड़प के बाद किसी पाकिस्तानी नेता की यह पहली भारत यात्रा है. जबकि, वर्ष 2023 में बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा में आयोजित SCO बैठक में भाग लेने के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा है.
संगठन की स्थापित परंपरा के मुताबिक, भारत ने दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम के लिए पाकिस्तान समेत सभी SCO सदस्य देशों को निमंत्रण भेजे गए थे. चीन, रूस समेत तमाम देशों की ओर से कार्यक्रम में आने की पुष्टि के बाद पाकिस्तान सरकार ने भी अपने मंत्री मुसादिक मलिक को इस कार्यक्रम में भेजने का एलान किया.
ये वही मुसादिक मलिक हैं, जिन्होंने भारत की ओर से सिंधु जल संधि स्थगित करके एलान पर जहरीले बोल बोलते हुए तीखी धमकी दी थी. इस्लामबाद में संघीय मंत्री अताउल्लाह तरार के साथ प्रेसवार्ता करते हुए मलिक ने कहा था, 'हम यह स्पष्ट ऐलान कर चुके हैं कि जो भी पाकिस्तान के हिस्से के पानी पर हाथ डालने की कोशिश करेगा, हम वो हाथ ही काट देंगे.'
मुसादिक मलिक ने भारत पर यह भी आरोप लगाया था कि वह बहते हुए साझा पानी के प्रवाह को रोकने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने धमकी दी थी कि अगर पाकिस्तान के कानूनी जल अधिकारों का उल्लंघन हुआ तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. मलिक ने कहा था कि वह इस मुद्दो को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जोर-शोर से उठाएगा.
अब भारत के हाथ काट देने की धमकी देने वाली मुसादिक मलिक SCO प्रोग्राम के लिए दिल्ली में हैं. पाकिस्तानी मंत्री ने इस सरकारी विजिट को तफरीह करने के रूप में भी प्लान किया था. मुसादिक ने भारत सरकार से ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह में घूमने की इजाजत मांगी थी. काफी देर तक इंतजार कराने के बाद सरकार ने उनके इस अनुरोध को मंजूरी दे दी है.
अब आपको बताते हैं कि भारत आने वाले विदेशी मंत्री, राजनयिक या अधिकारियों के घूमने-फिरने से जुड़े प्रोटोकॉल किया हैं. डिप्लोमेसी एक्सपर्टों के मुताबिक, भारत आने वाले किसी भी विदेशी मंत्री या उच्चाधिकारी के घूमने-फिरने का दायरा हमारे देश की सुरक्षा नीति से तय होते हैं. इसमें यह बात प्रमुखता से देखी जाती है कि मंजूरी मांगने वाले व्यक्ति के साथ हमारे देश के संबंध कैसे हैं. खराब संबंध वाले मुल्कों के लोगों को अनुमति देने में कंजूसी बरती जाती है, जबकि मित्र देशों के लोगों को यह अनुमति तुरंत मिल जाती है.
तय प्रोटोकॉल के तहत, जब भी कोई विदेशी मंत्री भारत आता है. फिर चाहे वह आधिकारिक दौरे पर हो या निजी छुट्टियों पर, उनके देश का दूतावास भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) को यात्रा का पूरा रूट और शेड्यूल पहले ही भेजता है. इसके बाद विदेश मंत्रालय संबंधित राज्यों की एजेंसियों से तालमेल करके उनकी अर्जी पर मंजूरी का फैसला करता है. अगर यात्रा की मंजूरी मिल जाती है तो फिर सुरक्षा का जिम्मा भारतीय प्रशासन ही संभालता है. इस मंजूरी के बिना कोई भी विदेशी मंत्री या अधिकारी भारत में अपनी मर्जी से कहीं घूम नहीं सकता.