App

बिलासपुर में लोहे की रॉड लहराते हुए राहगीरों को दौड़ाया और गाड़ियां तोड़ी, वायरल वीडियो के बाद हिरासत में हिस्ट्रीशीटर

लोहे की रॉड लेकर सड़क पर उत्पात मचाने वाले हिस्ट्रीशीटर का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि राहगीरों को दौड़ाया और वाहनों में तोड़फोड़ हो रही है. एसएसपी रजनेश सिंह के संज्ञान में आने के बाद हरकत में आई सिविल लाइन पुलिस और आरोपी भूपेंद्र दुबे उर्फ पंडा उर्फ गोलू को हिरासत में ले लिया है

बिलासपुर में लोहे की रॉड लहराते हुए राहगीरों को दौड़ाया और गाड़ियां तोड़ी, वायरल वीडियो के बाद हिरासत में हिस्ट्रीशीटर
Image Credit: रजनेश सिंह, एसएसपी, बिलासपुर ( Z News)

बिलासपुर जिला में हिस्ट्रीशीटर का सड़क पर खुलेआम उत्पात मचाने का वीडियो सामने आया है. हाथ में लोहे की रॉड लेकर निकले इस आरोपी ने राहगीरों को दौड़ाया और सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की. हैरानी की बात यह है कि डायल 112 के मौके पर पहुंचने के बाद भी उसका उत्पात थमने का नाम नहीं लिया. घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले में संज्ञान लिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड चांदनी चौक का है, जहां 13 नवंबर की रात भूपेंद्र दुबे उर्फ पंडा उर्फ गोलू कथित तौर पर नशे की हालत में हाथ में लोहे की रॉड लेकर सड़क पर निकल आया. आरोपी की हरकतों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सड़क से गुजर रहे राहगीरों को उसने दौड़ाया, वहीं सड़क किनारे खड़ी कार और दोपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की. हालात ऐसे बन गए कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए और मोहल्ले के लोग घरों में दुबक गए. घटना का वीडियो आसपास के लोगों ने अपने घरों की छत से बनाया.

बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उसके पिता ने ही डायल 112 को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम के सामने भी आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी उसे समझाते और नाम-पता दर्ज करते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि पुलिस टीम के लौटने के बाद भी आरोपी का उत्पात जारी रहा.

तीन अलग-अलग वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए. पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची. बताया जा रहा है कि भूपेंद्र दुबे सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. करीब दस साल पहले उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई का प्रस्ताव भी भेजा गया था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. ऐसे में सवाल यह है कि पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले ऐसे लोगों पर निगरानी कितनी प्रभावी है और डायल 112 के मौके पर पहुंचने के बावजूद उत्पात जारी रहने की स्थिति कैसे बनी.

रिपोर्ट: शैलेंद्र कुमार ठाकुर

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More