)
देहरादून: उत्तराखंड में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक बड़ा झटका लगा है. प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता और वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने आज दिल्ली में कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है. उनके कांग्रेस में शामिल होने से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है.
कुछ दिन पहले दिया था बीजेपी से इस्तीफा
बता दें कि रामशरण नौटियाल ने कुछ समय पहले ही बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. तभी से राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह जल्द ही कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम सकते हैं. सोमवार को दिल्ली में आधिकारिक तौर पर उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली.
चकराता सीट से लड़ चुके हैं चुनाव
राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने रामशरण नौटियाल को देहरादून जिले की चर्चित चकराता विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था, हालांकि उन्हें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, अब उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें विकासनगर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारे जाने की अटकलें भी शुरू हो गई हैं.
विकासनगर सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें
रामशरण नौटियाल (Ramsharan Nautiyal) के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. राजनीतिक गलियारों में उनके विकासनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, अभी तक उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है.
बीजेपी के लिए राजनीतिक चुनौती- उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने की घटनाओं के बीच रामशरण नौटियाल का कांग्रेस में शामिल होना बीजेपी के लिए राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है. उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले रामशरण नौटियाल का पाला बदलना बीजेपी और कांग्रेस, दोनों के लिहाज से अहम माना जा रहा है. अब देखना होगा कि कांग्रेस में उनकी भूमिका क्या रहती है और आगामी चुनाव में पार्टी उन्हें किस तरह मौका देती है.