अमित कंडियाल/राम अनुज/देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने उनके शासकीय आवास पर आत्मीय भेंट की. इस मुलाकात के दौरान राज्य की नई फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाओं और उत्तराखंड को देश के एक प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य की नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनुकूल फिल्म नीति के कारण आज उत्तराखंड देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए पहली पसंद बनता जा रहा है.
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
सरकार का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें और पर्यटन को भी बढ़ावा मिले.
आज शासकीय आवास में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता श्री @akshaykumar जी से आत्मीय भेंट हुई। इस अवसर पर प्रदेश की नई फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की अपार संभावनाओं तथा उत्तराखण्ड को देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। उत्तराखण्ड की नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनुकूल फिल्म नीति के कारण प्रदेश फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा लोकेशन के रूप में उभर रहा है। हमारा प्रयास उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 18, 2026
उत्तराखंड में फिल्म की शूटिंग के लिए अक्षय
देवभूमि उत्तराखंड इन दिनों बॉलीवुड का नया हॉट डेस्टिनेशन बना हुआ है. बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार अपनी अपकमिंग फैमिली कॉमेडी फिल्म की शूटिंग के लिए ऋषिकेश और शिवपुरी पहुंचे हैं, जहां उनके साथ एक्ट्रेस राशि खन्ना भी शूट कर रही हैं. सिंगटाली पुल, मालाकुंठी और शिवपुरी के रामा पैलेस में फिल्म के अहम सीन्स और एक भव्य गाने की शूटिंग चल रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म मशहूर निर्देशक अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही एक फैमिली कॉमेडी फिल्म है. फिल्म में अक्षय कुमार और राशि खन्ना के अलावा अभिनेत्री विद्या बालन भी मुख्य भूमिका में हैं. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म के आधिकारिक टाइटल (नाम) और रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है.
इससे पहले मसूरी और देहरादून में शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार की पीठ में हल्का खिंचाव आ गया था, जिसके बाद स्वास्थ्य लाभ लेकर उन्होंने तेजी से ऋषिकेश में अपना शेड्यूल शुरू किया है. शूटिंग की खबर मिलते ही सिंगटॉली और मालाकुंठी पुल के आसपास फैंस की भारी भीड़ जमा हो गई, और कई लोगों ने अपने कैमरे में एक्टर्स की झलक कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया. बहरहाल, उत्तराखंड की वादियों में बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी से स्थानीय पर्यटन और व्यापार से जुड़े लोगों में भी काफी उत्साह है। अब देखना यह होगा कि अनीस बज्मी और अक्षय कुमार की यह जोड़ी पर्दे पर क्या नया धमाल मचाती है.