App

'आरोप बेबुनियाद, उल्टा वही गुनहगार': मंत्री रेखा आर्य के पति पप्पू गिरधारी का काउंटर अटैक, खुद जड़ दिए संगीन आरोप!

Uttarakhand Cabinet Minister Controversy: उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा अपने पति गिरधारी पप्पू के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद से राजनीति में भूचाल आ गया है. एफआईआर दर्ज होने के बाद पति गिरधारी पप्पू ने सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़ी है और दो वीडियो जारी कर मंत्री पत्नी पर कई गंभीर और बड़े आरोप लगाए हैं.

'आरोप बेबुनियाद, उल्टा वही गुनहगार': मंत्री रेखा आर्य के पति पप्पू गिरधारी का काउंटर अटैक, खुद जड़ दिए संगीन आरोप!
Image Credit: Uttarakhand Cabinet Minister Controversy

देहरादून/बरेली:अजय कश्यप: उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी पप्पू के बीच का घरेलू व राजनीतिक विवाद अब एक नए मोड़ पर आ गया है. पत्नी द्वारा कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद पति गिरधारी पप्पू ने एक वीडियो जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है और मंत्री पत्नी पर कई गंभीर व सनसनीखेज आरोप लगाए हैं.फिलहाल पुलिस ने मंत्री रेखा आर्य की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पप्पू गिरधारी मीडिया या जांच एजेंसियों के सामने कब पेश होते हैं.

पति पप्पू गिरधारी का पलटवार और वीडियो वार
फरार होने की चर्चाओं के बीच गिरधारी पप्पू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपने दो वीडियो अपलोड किए. इन वीडियो में उन्होंने अपनी पत्नी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. पप्पू गिरधारी ने दावा किया कि रेखा आर्य भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और उनका नाम देश भर में एक "बेईमान मंत्री" के तौर पर चर्चा में है.वायरल हो रहे ऑडियो को उन्होंने 'एआई (AI) जनरेटेड' करार देते हुए खुद को पूरी तरह बेकसूर बताया है.

'210 करोड़ की अवैध संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोप'
वीडियो में गिरधारी पप्पू ने दावा किया है कि रेखा आर्य पिछले 10 वर्षों से उत्तराखंड सरकार में मंत्री हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार मंत्री को उनके विभागों में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर आगाह किया था, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। पप्पू गिरधारी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि रेखा आर्य के पास लगभग 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है और वे भ्रष्टाचार में पूरी तरह लिप्त हैं. 

'वायरल ऑडियो और मुकदमे को बताया साजिश'
अपने ऊपर दर्ज मुकदमे और वायरल हो रहे ऑडियो को लेकर पप्पू गिरधारी ने इसे पूरी तरह साजिश करार दिया है. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जो बातें सामने आ रही हैं, वे एआई (AI) जनरेटेड हैं और उन्हें फंसाने की साजिश रची गई है. उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड की जनता से अपील की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए.

'दोषी मिलूं तो फांसी दे दो'
पप्पू गिरधारी ने वीडियो में दो टूक कहा कि यदि जांच में उनके द्वारा लगाए गए आरोप गलत साबित होते हैं और वे दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से फांसी पर चढ़ा दिया जाए. इस हाई-प्रोफाइल विवाद के सामने आने के बाद से उत्तराखंड के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है.

कार्यालय पर थी मौजूदगी, फिर हुए फरार
मिली जानकारी के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने की सूचना मिलने से पहले तक गिरधारी पप्पू बरेली के जोगी नवादा स्थित बनखंडी नाथ मंदिर के अपने स्थानीय कार्यालय पर मौजूद थे और देर रात तक स्थानीय लोगों ने उन्हें वहीं देखा था. हालांकि, जैसे ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की खबर सामने आई, वह वहां से भूमिगत हो गए.फिर बाद में गिरधारी का वीडियो सामने आया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More