)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर करारा हमला बोला है. राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के गठबंधन (I.N.D.I.A.) के 'भाईचारे' पर सवाल उठाते हुए तीखा तंज कसा है.
अखिलेश यादव को टैग करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने लिखा, "अखिलेश जी, एमएलसी चुनाव के नतीजों में आपकी पार्टी के प्रदर्शन की आपको बहुत बधाई। वैसे ये बताइए, अपने मित्र राहुल जी को बधाई दिए या नहीं? यूपी में तो कांग्रेस वालों को प्रत्याशी भी नहीं मिला, जहां मिला वहां रिजल्ट में आया 'ज़ीरो'।" राजभर ने कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता ने भी उनके मित्र को दुत्कार दिया है।
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए ओपी राजभर ने सपा प्रमुख को आगाह किया। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस खुद को सपा का 'बड़ा भाई' मानती है और 403 सीटों में से 200 से ज्यादा सीटें मांगेगी। राजभर ने तंज कसते हुए कहा, "जब कांग्रेस वाले आपसे सीटें मांगें तो 'ज़ीरो' तो याद दिला ही दीजिएगा, साथ ही पूछिएगा कि एमएलसी चुनाव में कोई कांग्रेस वाला सपा प्रत्याशी के समर्थन में एक दिन भी खड़ा हुआ?"
राजभर ने आगे लिखा, "पूछिएगा कांग्रेस से कि ये कैसा भाईचारा है कि आप चुनाव लड़ रहे हैं और आपका बड़ा भाई आपके साथ खड़ा होने नहीं आया। यानी हिस्सा चाहिए आधा और समर्थन देंगे ज़ीरो... बड़ी नाइंसाफी है महाराज!" अपने ट्वीट के अंत में उन्होंने 'जय भारत, जय श्रीराम, जय परशुराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव' के नारे के साथ बात समाप्त की।
अखिलेश जी, एमएलसी चुनाव के नतीजों में आपकी पार्टी के प्रदर्शन की आपको बहुत बधाई। वैसे ये बताइए, अपने मित्र राहुल जी को बधाई दिए या नहीं? यूपी में तो कांग्रेस वालों को प्रत्याशी भी नहीं मिला, जहां मिला वहां रिजल्ट में आया “ज़ीरो”। यहां तक की कांग्रेस शासित कर्नाटक में लोगों ने आपके मित्र को दुत्कार दिया। याद रखिएगा, कांग्रेस ख़ुद को आपका बड़ा भाई मानता है। 403 में से 200 से ज़्यादा उन्हें चाहिए। जब कांग्रेस वाले आपसे सीटें मांगें तो “ज़ीरो” तो याद दिला ही दीजिएगा, साथ ही पूछियेगा कि एमएलसी चुनाव में कोई कांग्रेस वाला सपा के प्रत्याशी को समर्थन देने के लिए एक दिन भी खड़ा हुआ? पूछियेगा कांग्रेस से कि ये कैसा भाईचारा कि आप चुनाव लड़ रहे और आपका बड़ा भाई आपके साथ खड़ा होने नहीं आया। यानी हिस्सा चाहिए “आधा” और समर्थन देंगे “ज़ीरो”। बड़ी नाइंसाफी है महाराज। भाईचारा मुबारक! जय भारत, जय श्रीराम, जय परशुराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव। @yadavakhilesh
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) October 29, 2026