)
सीकर में एक अनोखा मामला सामने आया है. मेडिकल स्टोर पर हर महीने 10 हजार रुपए की तनख्वाह पर काम करने वाले युवक के अकाउंट में एक अरब रुपए का लीन (लॉक मैसेज) लगा है. लीन लगने के चलते उसके अकाउंट में जमा 55 हजार रुपए भी निकल गए. युवक ने इस संबंध में साइबर पुलिस थाने में भी जानकारी दी. वहां उसे बैंक से संपर्क करने को कहा गया.
मोबाइल रिचार्ज करने के लिए खोली बैंक ऐप तो दिखा जीरो बैलेंस
दरअसल, सीकर में देव गैस गोदाम के पास रहने वाला समीर खान (22) पिछले करीब 10 महीने से सीकर के सालासर बस स्टैंड पर स्थित निर्मल मेडिकल पॉइंट पर काम कर रहा है. बुधवार दोपहर को उसे अपने मोबाइल का रिचार्ज करना था. इसलिए उसने अपने कोटक 811 बैंक अकाउंट की ऐप खोली. पिन डालने के बाद बैलेंस देखा तो वह जीरो था.
अकाउंट में एक अरब रुपए का लीन देखकर हैरान हुआ युवक
इसके बाद नीचे देखने पर उसे पता चला कि उसके अकाउंट में तो एक अरब रुपए का लीन लगा है. यह देखकर वह खुद भी आश्चर्य में पड़ गया. इसके बाद उसने अपनी दुकान के मालिक धीरज शर्मा और बाकी स्टाफ को इस बारे में बताया.
इसके बाद सभी सीकर के साइबर पुलिस थाने पहुंचे. जब साइबर पुलिस थाने में जानकारी जुटाई गई तो उसे बैंक से संपर्क करने को कहा गया. अब बैंक में बातचीत करने पर ही हकीकत पता चल सकेगी. फिलहाल समीर अभी भी आश्चर्य में है.
सुबह तक अकाउंट में थे 55 हजार रुपए
समीर ने बताया कि सुबह तक उसके अकाउंट में 55 हजार रुपए पड़े थे, लेकिन दोपहर में बैलेंस जीरो हो गया. अब उसकी बैंक से मांग है कि उसके अकाउंट में जो वास्तविक राशि थी, वह उसे मिल जाए.
मेडिकल स्टोर मालिक के भी उड़ गए होश
निर्मल मेडिकल पॉइंट के मालिक धीरज शर्मा ने बताया कि समीर उनके यहां जनवरी महीने से काम कर रहा है. काम के बदले उसे हर महीने 10 हजार रुपए तनख्वाह देते हैं. आज जब उसने एक अरब रुपए के लीन के बारे में बताया तो उनके खुद के होश उड़ गए, क्योंकि इतनी बड़ी रकम का लीन होना उन्होंने आज तक नहीं सुना. इस मामले को लेकर साइबर पुलिस थाने के ASI दीनदयाल का कहना है कि यह बैंक का कोई टेक्निकल ग्लिच हो सकता है.
क्या होती है लीन?
लीन का मतलब है किसी की रकम या संपत्ति पर तब तक रोक लगाना, जब तक बकाया कर्ज या दूसरी देनदारी का भुगतान न हो जाए. बैंक खाते में लीन लगने पर संबंधित रकम का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.