)
इटावा जनपद के चौबिया थाना क्षेत्र के टकपुरा पुंजा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. करवाचौथ पर अपनी पत्नी को विदा कराकर लाने गए एक युवक ने मायके पक्ष के कथित विवाद और टॉर्चर से आहत होकर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दोनों पक्षों में कोहराम मचा हुआ है.
मृतक की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है, जो दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट नौकरी करता था. सोनू करीब दो महीने पहले ही अपने घर लौटा था.
इस मामले में लड़के पक्ष ने आरोप लगाया है कि सोनू करवाचौथ के मौके पर अपनी पत्नी पूनम को ससुराल से वापस घर लाने गया था. आरोप है कि पत्नी ने साथ चलने से साफ इनकार कर दिया और लड़की पक्ष के लोगों ने सोनू के साथ मारपीट की. मृतक की बहन रुचि का दावा है कि उसकी भाभी का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते वह घर आने से मना कर रही थी. मृतक की बहन का आरोप है कि मेरे भाई के साथ मारपीट और टॉर्चर किया गया है.
परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा किए गए इसी मानसिक टॉर्चर और बेइज्जती से आहत होकर सोनू ने घर लौटने के बाद यह खौफनाक कदम उठाया.
वहीं, मृतक की पत्नी पूनम ने सभी आरोपों से साफ इनकार कर दिया है. मृतक युवक की पत्नी पूनम का कहना है कि पति हमारे साथ नहीं रहते थे. पिछले दो महीने से जब से दिल्ली से लौटे हमारी बात भी नहीं हुई और ना ही हमारे घर पर आए है. पड़ोसियों से फांसी पर लटकने की जानकारी मिली है.
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में हर एंगल से छानबीन की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मानने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं, लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.
(इटावा से अन्नू चौरसिया की रिपोर्ट)