App

Jensen Huang को वापिस लाओ का नारा लगाने वाले कर्मचारियों को Nvidia का 'लॉलीपॉप'! नई-नवेली CEO बोलीं- दिसंबर में...

Nvidia में जेन्सेन हुआंग की वापसी की मांग के बीच इंटिरिम CEO कोलेट क्रेस ने दिसंबर में सैलरी हाइक का ऐलान किया. जानिए पूरी खबर.

Jensen Huang को वापिस लाओ का नारा लगाने वाले कर्मचारियों को Nvidia का 'लॉलीपॉप'! नई-नवेली CEO बोलीं- दिसंबर में...
Image Credit: CEO कोलेट क्रेस ने दिसंबर में सैलरी हाइक का ऐलान किया.

33 साल तक कंपनी को संभालने वाले जेन्सेन हुआंग के जाने के बाद से ही Nvidia के कर्मचारियों में बेचैनी दिख रही है. कई लोग चाहते हैं कि जेन्सेन वापस आ जाएं, पर बोर्ड ने साफ कर दिया है कि अब पीछे मुड़कर देखने का वक्त नहीं है. इसी बीच इंटिरिम CEO कोलेट क्रेस ने कर्मचारियों का दिल जीतने और भरोसा बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है, उन्होंने सैलरी हाइक और इक्विटी अवॉर्ड्स का ऐलान कर दिया है.

अब आगे बढ़ने का वक्त है, कोलेट क्रेस का सीधा संदेश
जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे के बाद हुई Nvidia की पहली कंपनी-वाइड मीटिंग में इंटिरिम चीफ एग्जीक्यूटिव कोलेट क्रेस ने कर्मचारियों को साफ शब्दों में आगे बढ़ने की सलाह दी है. फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सांता क्लारा स्थित Nvidia के हेडक्वार्टर में बुधवार को हुई इस मीटिंग के दौरान क्रेस ने कहा कि लेट्स मूव फॉरवर्ड यानी अब आगे बढ़ना होगा.

कोलेट क्रेस का यह संदेश उन कर्मचारियों के लिए सीधा जवाब माना जा रहा है जो अब भी को-फाउंडर जेन्सेन हुआंग को टॉप पोस्ट पर वापस देखना चाहते हैं. फिलहाल कंपनी एक परमानेंट उत्तराधिकारी यानी स्थायी CEO की तलाश करने की तैयारी में है. वहीं Nvidia का बोर्ड पहले ही यह बात साफ कर चुका है कि वो जेन्सेन हुआंग की वापसी पर कोई विचार नहीं कर रहा है.

मार्च के बजाय दिसंबर में ही मिलेगी सैलरी हाइक और इक्विटी
कर्मचारियों की नाराजगी और अनिश्चितता के माहौल को संभालने के लिए कोलेट क्रेस ने कंपनसेशन रिव्यू को समय से पहले करने का ऐलान किया है. आमतौर पर Nvidia में सालाना परफॉर्मेंस रिव्यू मार्च में होते हैं, जिनसे सैलरी बढ़ोतरी और स्टॉक-बेस्ड कंपनसेशन जुड़ा होता है. लेकिन अब इस पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर दिसंबर में कर दिया गया है.

इसका सीधा फायदा कर्मचारियों को यह मिलेगा कि उन्हें अपनी सैलरी और इक्विटी को लेकर तस्वीर कई महीने पहले ही साफ हो जाएगी. यह फैसला ऐसे वक्त में आया है जब टॉप लीडरशिप में बदलाव के चलते कंपनी अपने स्टाफ का भरोसा बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रही है. कॉरपोरेट गवर्नेंस एक्सपर्ट कृष्णा अय्यर ने NDTV से बात करते हुए कहा कि क्रेस का यह कंपनसेशन ऐलान लीडरशिप ट्रांजिशन के दौरान कर्मचारियों को भरोसा दिलाने वाला एक अहम कदम साबित हो सकता है.

कोलेट क्रेस लंबे समय से Nvidia से जुड़ी हुई हैं और 2013 से चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर यानी CFO की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. 12 नवंबर को जेन्सेन हुआंग के पद छोड़ने के बाद उन्हें इंटिरिम CEO बनाया गया था. यह मीटिंग करीब एक घंटे तक चली, जिसमें कई सीनियर एग्जीक्यूटिव्स शामिल हुए और बाकी कर्मचारियों के लिए इसे माइक्रोसॉफ्ट टीम्स पर स्ट्रीम किया गया. इस दौरान नए अपॉइंट किए गए बोर्ड चेयर हार्वे जोन्स और कंपनी के हाइपरस्केल व हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग बिजनेस संभालने वाले इयान बक भी मौजूद थे.

कर्मचारी चाहते हैं जेन्सेन हुआंग की वापसी
कोलेट क्रेस की आगे बढ़ने की अपील ऐसे माहौल में आई है जहां जेन्सेन हुआंग को दोबारा लाने की मांग जोर पकड़ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार की मीटिंग के दौरान स्टाफ के बीच आम भावना यही दिखी कि वे पूर्व CEO को वापस चाहते हैं. यह बात सिर्फ अनौपचारिक चर्चाओं या गपशप तक सीमित नहीं है.

खबरों के अनुसार, Nvidia के एक सीनियर कर्मचारी ने कंपनी के बोर्ड को चिट्ठी लिखकर जेन्सेन के जाने के फैसले पर दोबारा सोचने की अपील की. उस कर्मचारी ने चेतावनी दी कि अगर इस हालात को ठीक से नहीं संभाला गया, तो कंपनी को इरिप्लेसेबल टैलेंट यानी ऐसे काबिल लोगों को खोने का खतरा उठाना पड़ सकता है, जिनकी जगह भरना मुश्किल होगा.

खुद जेन्सेन हुआंग ने भी यह संकेत दिया है कि अगर बोर्ड को लगे कि इससे कंपनी का भला होगा, तो वे वापस आने के लिए तैयार हैं. लेकिन बोर्ड ने अपना रुख बिल्कुल स्पष्ट रखा है. मंगलवार को Nvidia की अर्निंग्स कॉल के दौरान हार्वे जोन्स ने कहा कि बोर्ड ने सर्वसम्मति से जेन्सेन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और उन्हें दोबारा CEO बनाने का बोर्ड का कोई इरादा नहीं है.

115.8 बिलियन डॉलर की कमाई लेकिन लीडरशिप पर सवाल
दिलचस्प बात यह है कि टॉप लेवल पर चल रही इस खींचतान के बावजूद Nvidia के बिजनेस के आंकड़े बेहद शानदार बने हुए हैं. 17 नवंबर को कंपनी ने तीसरी तिमाही का रेवेन्यू 115.8 बिलियन डॉलर बताया, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 103 प्रतिशत ज्यादा है.

ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बूम के बीच ग्रोथ का सबसे बड़ा इंजन माने जाने वाले डेटा सेंटर बिजनेस ने 107.6 बिलियन डॉलर की कमाई की है. साल-दर-साल के हिसाब से इसमें 110 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है. आंकड़े गवाह हैं कि बिजनेस की रफ्तार में कोई कमी नहीं आई है, लेकिन टीम के भीतर भावनात्मक जुड़ाव और भरोसे को संभालना अब नई लीडरशिप के लिए सबसे बड़ी चुनौती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More