)
विशाल सिंह/ लखनऊ: 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने यूपी में बूथ स्तर पर खेल शुरू कर दिया है. पार्टी का साफ फॉर्मूला है -बूथ जीता, चुनाव जीता. इसीलिए अब संगठन का पूरा फोकस बूथवार समीक्षा, कार्यकर्ताओं की तैनाती और कमजोर बूथों को मजबूत करने पर है.
बीजेपी ने प्रदेश के करीब 18,900 ऐसे बूथ चिन्हित किए हैं, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी आगे थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में पिछड़ गई. इनमें से करीब 80% बूथ ग्रामीण इलाकों के हैं. पार्टी मान रही है कि इन्हीं बूथों पर हार-जीत का फैसला होगा, इसलिए इन पर अलग से रणनीति बनाई गई है. इन बूथों पर BLA-2 की नियुक्ति भी पूरी कर ली गई है.
बीजेपी ने हर बूथ पर 11 कार्यकर्ताओं की समिति बनाई है.
एक मंडल में औसतन 80-90 बूथ आते हैं = करीब 1,000 कार्यकर्ता
एक विधानसभा में औसतन 5 मंडल होते हैं = करीब 5,000 कार्यकर्ताओं का नेटवर्क
मतलब, हर विधानसभा में 5 हजार लोगों की टीम सिर्फ बूथ संभालने के लिए तैयार की जा रही है.
बूथ पर सरकारी BLO के अलावा बीजेपी ने अपने BLA-1 और BLA-2 भी उतार दिए हैं.इनका काम है-मतदाता सूची की निगरानी,नए वोटरों को जोड़ना और बूथ पर संगठन को एक्टिव रखना. इसके अलावा हर बूथ पर प्रवासी कार्यकर्ता भी भेजे जा रहे हैं, जो स्थानीय टीम के साथ मिलकर बूथ की असली स्थिति का आकलन करेंगे.
यूपी में बीजेपी की बूथ वाली रणनीति नई नहीं है. 1991 में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने "एक बूथ - 20 यूथ" का मंत्र दिया था. तब से लेकर अब तक बीजेपी हर चुनाव में इसी फॉर्मूले पर भरोसा करती आई है. अब 2027 से पहले पार्टी उसी रणनीति को नए सिरे से धार दे रही है. BLA-2 की नियुक्ति से पोलिंग एजेंट का नेटवर्क भी मजबूत हो गया है।अब देखना ये होगा कि बूथ पर की गई ये मेहनत 2027 में वोट में बदलती है या नहीं.