)
अगर आप भी सैलरीड क्लास हैं और हर महीने पीएफ कटता है तो यह खबर आपको खुश कर देगी. पीएफ के तहत काटा जाने वाला पैसा आपको रिटायरमेंट के समय मिलता है. रिटायरमेंट से पहले आप इस पैसे की कुछ शर्तों के साथ आंशिक निकासी कर सकते हैं. रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले पैसे को लेकर आपके मन में यही सवाल रहता है कि इस मोटी रकम को कहां और कैसे लगाया जाए. लेकिन इस तरह की समस्या से राहत के लिए ईपीएफओ (EPFO) की तरफ से सिस्टमेटिक विड्रॉल प्लान (SWP) लाने की तैयारी की जा रही है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद रिटायर होने वाले मेंबर हर महीने, तीन महीने या सालाना आधार पर पैसा निकाल सकेंगे.
टीओआई (TOI) में प्रकाशित खबर के अनुसार गिग इकॉनमी और इंफारमल सेक्टर में काम करने वालों के लिए भी इसमें बड़ा बदलाव होने जा रहा है. डिलीवरी पार्टनर्स, कैब ड्राइवर, फ्रीलांसर्स और दिहाड़ी मजदूरों की बढ़ती संख्या के कारण इन लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए ईपीएफओ ने बेहद प्रैक्टिकल और काम का प्रस्ताव तैयार किया है. इसका फायदा देश के करोड़ों कामगरों को फायदा मिलेगा.
रिपोर्ट्स के अनुसार केंद्रीय लेबर मिनिस्टर मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में होने वाली सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की मीटिंग में इस प्रपोजल पर चर्चा होनी है. इस स्कीम के जरिये ऐसे करोड़ों सब्सक्राइबर्स को सपोर्ट करना है जो रिटायरमेंट के बाद अपने फंड का सही यूज नहीं कर पाते. शुरुआत में यह सुविधा स्वैच्छिक रहेगी और मौजूदा सब्सक्राइबर्स पर फोकस करेगी. EPFO की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार फिलहाल 55 साल से ऊपर के 6.3 लाख मेंबर्स हैं. इन सब्सक्राइबर्स को पहले चरण में इस योजना का फायदा मिल सकता है.
मौजूदा नियम के अनुसार रिटायरमेंट के तीन साल के अंदर सब्सक्राइबर्स को अपना पूरा पीएफ फंड निकालना होता है. ऐसा नहीं करने पर अकाउंट इनऑपरेटिव (inoperative) यानी इनएक्टिव हो जाता है. ऐसा होने पर आपको सालाना ब्याज मिलना बंद हो जाता है और पैसे में बढ़ोतरी नहीं होती. लेकिन SWP की सुविधा शुरू होने के बाद आपको पूरा पैसा एक साथ निकालने की मजबूरी नहीं रहेगी. आप अपने फंड से तय अंतराल पर हर महीने, तिमाही या सालाना आधार पर पैसा निकाल सकेंगे. फंड से यह निकासी एक तय समयसीमा तक चल सकती है. अच्छी बात यह है कि आपका बचा हुआ पैसा EPF में ही इन्वेस्ट रहेगा और उस पर लगातार ब्याज मिलता रहेगा.
यह प्लान केवल किस्तों में पैसा निकालने की ही सुविधा नहीं देगा. इसमें फ्लेक्सिबिलिटी दिये जाने का प्लान है. सब्सक्राइबर्स के पास यह ऑप्शन रहेगा कि आप जब चाहें तब SWP रोक सकेंगे. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर आंशिक रूप से एकमुश्त रकम निकालने या फिर मिलने वाले ब्याज को निकालने का भी ऑप्शन मिल सकता है. SWP के जरिये रिटायरमेंट के बाद फाइनेंशियल प्लानिंग काफी आसान और सुरक्षित हो जाएगी.
दूसरे प्लान के तहत EPFO गिग वर्कर्स और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को अपने दायरे में लाने का प्लान कर रहा है. इनमें घरेलू कामगार, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, स्ट्रीट वेंडर्स और प्लेटफॉर्म बेस्ड वर्कर्स शामिल रहेंगे. प्रपोजल के हत मेंबर्स डिजिटल मोड से अपने EPF अकाउंट में वॉलंटरी (अपनी मर्जी से) कॉन्ट्रीब्यूशन कर सकेंगे. इसमें एम्प्लॉयर की तरफ से कंट्रीब्यूशन देने की जरूरत नहीं होगी. इसके अलावा EPFO अब यूएएन (UAN) से जुड़े डिजिटल पेमेंट सिस्टम के जरिये माइक्रो-कंट्रीब्यूशन्स की सुविधा देने पर विचार कर रहा है. यानी आप अपनी टिप या गिफ्ट की छोटी रकम को सीधे अपने पीएफ अकाउंट में जमा कर भविष्य के लिए सुरक्षित कर पाएंगे.