App

एक तरफ काढ़े से गई 2 जान, दूसरी तरफ उसी गांव में पकड़ी गई शराब से भरी कार! बैतूल के चिचोली में नशे के नेटवर्क का सच क्या?

बैतूल के चिचोली में नशे के अवैध कारोबार को लेकर स्थिति संवेदनशील बनी हुई है, जहां एक ही गांव में दिन में कथित नशामुक्ति काढ़ा पीने से 2 लोगों की मौत के बाद देर रात अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने का मामला सामने आया है.

एक तरफ काढ़े से गई 2 जान, दूसरी तरफ उसी गांव में पकड़ी गई शराब से भरी कार! बैतूल के चिचोली में नशे के नेटवर्क का सच क्या?
Image Credit: बैतूल में गांव वालों ने पकड़ी शराब से भरी कार

मध्य प्रदेश के बैतूल के चिचोली में शराब का अवैध कारोबार अब गंभीर सवालों के घेरे में है. एक तरफ शराब छुड़ाने के नाम पर कथित काढ़ा पिलाने से दो लोगों की मौत हो गई, तो दूसरी तरफ उसी गांव में देर रात शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है. हैरानी की बात यह है कि जिस गांव में दिन के समय नशामुक्ति के नाम पर लोगों की जान चली गई, उसी गांव में रात होते ही अवैध शराब की सप्लाई का मामला सामने आ गया. एक ही दिन में काढ़े से हुई मौतों और शराब तस्करी के इस खुलासे के बाद अब पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि क्षेत्र में अवैध शराब की इस सप्लाई चेन के पीछे आखिर किन लोगों का संरक्षण है.

इन घटनाओं ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. दिन में नशामुक्ति के नाम पर गई दो जानें और रात में शराब की खुलेआम तस्करी के इस मामले ने इलाके में सक्रिय नशे के पूरे नेटवर्क की परतें खोलने की मांग तेज कर दी है. फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा.

गांव वालों ने पकड़ी शराब से भरी कार

प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात संदिग्ध हालात में जा रही एक कार को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी मिली. पूछताछ के दौरान कार चालक ने कबूल किया कि वह यह खेप चिचोली के ही एक अवैध शराब कारोबारी के ठिकाने से लेकर पेट्रोल पंप की ओर सप्लाई करने जा रहा था. ग्रामीणों ने वाहन और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया.

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार के अंदर शराब की खेप साफ दिखाई दे रही है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चिचोली में अवैध शराब का यह कारोबार कौन चला रहा है. गांव तक शराब की सप्लाई कौन कर रहा है और इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. एक ही गांव में शराब छुड़ाने के नाम पर दो मौतें और दूसरी तरफ शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने की घटना ने चिचोली में नशे के कारोबार की जमीनी हकीकत पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

शराब छुड़ाने की दवा बनी जानलेवा,दो की मौत

बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के पठाखेड़ा गांव में कथित नशामुक्ति दवा के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की तबीयत बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि शराब की लत छुड़ाने के नाम पर लोगों को लाल रंग का संदिग्ध तरल पदार्थ एक से दो गिलास तक पिलाया गया था. इसके सेवन के बाद लोगों की हालत बिगड़ने लगी. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रमेश उइके,ओझा परते और शरद कावड़े को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने संदिग्ध तरल पदार्थ भी जब्त कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, डीआईजी नर्मदापुरम जोन और बैतूल एसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. (इनपुट- रूपेश कुमार)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More