)
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली थाना इलाके के पाटाखेड़ा गांव में शराब की लत छुड़वाने के नाम पर दी गई जड़ी-बूटी से दो लोगों की मौत हो गई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. जड़ी-बूटी के सेवन के बाद रामकिशोर और संजय की मौत हो गई है. जबकि पांच से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
बताया जा रहा है कि पाटाखेड़ा गांव का एक बाबा लंबे समय से लोगों को शराब छुड़वाने के नाम पर जड़ी-बूटी देता आ रहा था. इसी जड़ी-बूटी का सेवन करने के बाद कई लोगों को उल्टियां होने लगीं. उसके बाद उनकी तबीयत भी बिगड़ गई. देखते ही देखते मामला इतना गंभीर हो गया है कि लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है. गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बैतूल रेफर किया गया है. सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा खुद ही चिचोली पहुंचे, जहां पर उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए रखे हैं. वहीं मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
मृतक के परिजन किशोर झाड़े ने बताया कि जानकारी मिली थी कि पाथाखेड़ा गांव में एक व्यक्ति शराब छुड़वाने की दवा देता है. इसी जानकारी के आधार पर वह सुबह अपने भाई और मोहन नाम के व्यक्ति के साथ पाथाखेड़ा पहुंचा था. वहां पहुंचने पर पहले पूजा-पाठ कराया गया. उसके बाद पिर काढ़ा पिलाया गया. काढ़ा पीने के करीब 20 से 25 मिनट के बाद उसके भाई को चक्कर आने लगे और बेहोश हो गए. इसके बाद दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे व्यक्ति का इलाज चल रहा है.
राकेश उइके ने बताया कि वे नशा छुड़वाने के लिए पाथाखेड़ा गांव में एक बाबा के पास गए थे. बाबा ने उन्हें जड़ी-बूटियों का रस या काढ़ा पिलाया. इसे पीने के 5 से 10 मिनट बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और चक्कर आने लगे. राकेश ने बताया कि वे पहली बार वहां गए थे. उस समय दूसरे गांवों से भी कई लोग नशा छुड़वाने के लिए पहुंचे हुए थे. हालांकि, उन्हें बाबा का नाम और वहां मौजूद अन्य लोगों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है.
इधर, घटना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है. जड़ी-बूटी देने वाले बाबा की तलाश की जा रही है. फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर शराब छुड़ाने के नाम पर दी जा रही इस जड़ी-बूटी में ऐसा क्या था, जिसके सेवन से दो लोगों की जान चली गई और कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. चिचोली के पाथाखेड़ा गांव की इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है.
(रिपोर्टः रूपेश कुमार, बैतूल)