)
Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे आने से पहले ही जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी के लिए सियासी जोड़-तोड़ शुरू हो गया है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों को अपने प्रत्याशियों के पाला बदलने और क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है. यही वजह है कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अब अपने गांवों के बजाय होटल, रिसॉर्ट और धर्मशालाओं में नजर आ रहे हैं. कई प्रत्याशियों को राजस्थान से बाहर भी भेजा गया है. हालांकि बीजेपी इसे बाड़ेबंदी के बजाय प्रशिक्षण शिविर बता रही है, जबकि कांग्रेस को अपने ही नेताओं से भीतरघात की चिंता सता रही है.
हिमाचल से गुजरात तक प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी
प्रदेश की 41 जिला परिषदों की 1,404 सीटों और 457 पंचायत समितियों की 8,245 सीटों पर मतदान पूरा हो चुका है. इसके बाद से ही प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी तेज हो गई है. कई प्रत्याशी हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में ठहरे हुए हैं. कहीं धार्मिक स्थलों पर दर्शन कराए जा रहे हैं तो कहीं आलीशान रिसॉर्ट में उनके ठहरने का इंतजाम किया गया है. प्रत्याशियों की गतिविधियों और संपर्क पर भी नजर रखी जा रही है.
20 नवंबर को नतीजे, 25 को जिला प्रमुख का चुनाव
कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली को छोड़कर बाकी जिलों के चुनाव परिणाम 20 नवंबर को घोषित होंगे. इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान का चुनाव होगा. ऐसे में राजनीतिक दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की है. जयपुर की पूर्व जिला प्रमुख और बीजेपी प्रत्याशी रमा चौपड़ा को भी पार्टी के प्रशिक्षण संबंधी निर्देशों का पालन करना पड़ रहा है.
कांग्रेस को अपनों से ही भीतरघात का डर
कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी है. पार्टी को आशंका है कि आपसी खींचतान के कारण कुछ प्रत्याशी क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मतदान और मतगणना के बीच लंबे अंतराल को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहे हैं. कांग्रेस को डर है कि इस दौरान बीजेपी उसके प्रत्याशियों में सेंधमारी कर सकती है.
बीजेपी को अपने मैनेजमेंट पर भरोसा
दूसरी तरफ बीजेपी अपने संगठन और वरिष्ठ नेताओं की निगरानी के भरोसे अधिकतर जिलों में जिला प्रमुख और प्रधान बनाने की उम्मीद लगाए बैठी है. पार्टी बाड़ेबंदी से इनकार करते हुए इसे प्रशिक्षण शिविर बता रही है. बीजेपी के कई प्रत्याशी सालासर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा, मेहंदीपुर बालाजी और सांवरिया सेठ के दर्शन कर रहे हैं.
क्रॉस वोटिंग बिगाड़ सकती है सियासी गणित
पंचायती राज चुनावों में दल-बदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण जीते हुए सदस्य पार्टी व्हिप से बंधे नहीं होते. ऐसे में क्रॉस वोटिंग की आशंका दोनों दलों के लिए चिंता बनी हुई है. निर्दलीय और बागी उम्मीदवार भी चुनावी गणित बदल सकते हैं. कांग्रेस अपने प्रत्याशियों के ठिकानों की जानकारी गुप्त रख रही है. दावा है कि कई प्रत्याशियों के परिजनों को भी उनके ठहरने की जगह नहीं बताई गई है. अब 20 नवंबर के नतीजों के बाद साफ होगा कि किस दल के पास कितने सदस्य हैं. हालांकि जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी किसे मिलेगी, इसका फैसला 25 और 27 नवंबर के चुनाव में ही होगा.