)
एमएस धोनी के संन्यास की खबर आए कई घंटे बीत चुके हैं. कई दिग्गज खिलाड़ियों ने उन्हें खूब बधाई दी. अब सचिन तेंदुलकर ने भी माही के आईपीएल संन्यास पर खास पोस्ट किया है. मंगलवार को IPL 2027 रिटेंशन से पहले धोनी के संन्यास की जानकारी सीएसके ने दी थी. हालांकि, ये साफ किया कि वह बतौर मेंटॉर टीम के साथ जुड़ेंगे. धोनी ने भी कुछ देर बाद एक इमोशनल वीडियो भी शेयर किया जो आग की तरह फैला. अब सचिन तेंदुलकर का पोस्ट भी तेजी से वायरल हो रहा है.
तेंदुलकर ने एक्स और इंस्टाग्राम पर धोनी को लेकर पोस्ट लिखा. उन्होंने याद किया कि कैसे भारत के बांग्लादेश दौरे के दौरान उन्होंने पहली बार धोनी को बैटिंग करते देखा था, उस दौरान ही मास्टर ब्लास्टर ने उनकी क्षमता को पहचान लिया था. सचिन ने भारतीय ड्रेसिंग रूम में बिताए गए यादगार पलों को भी याद करते हुए धोनी को उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी.
सचिन तेंदुलकर ने लिखा, "मुझे आज भी याद है कि जब मैंने बांग्लादेश में एमएस को बल्लेबाजी करते देखा था, तो मैंने सौरव से कहा था कि उनकी पावर-हिटिंग में कुछ खास बात है. साफ पता चलता था कि उनके पास एक अद्भुत प्रतिभा है और उनका सफर कितना शानदार रहा. आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना और भारतीय क्रिकेट के कुछ सबसे यादगार पलों का हिस्सा बनना बहुत खुशी की बात थी."
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) November 18, 2026
उन्होंने आगे लिखा, "मुझे हमेशा से यकीन था कि आप कुछ खास करेंगे और आपने तो उम्मीद से कहीं ज्यादा हासिल किया. आपने भारतीय क्रिकेट को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और आपके साथ इस सफर को साझा करना बहुत शानदार रहा. बहुत बढ़िया खेले, एमएस." IPL में धोनी का सफर 2008 में शुरू हुआ, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने पहली खिलाड़ी नीलामी में उन्हें 1.5 मिलियन डॉलर में खरीदा और कप्तान नियुक्त किया.
एमएस धोनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट से पहले शनिवार को सीएसके के साथ मीटिंग की थी. सीएसके की ओनर रूपा गुरुनाथ ने जानकारी दी कि उन्होंने वीडियोकॉल पर अचानक कहा कि रिलीज प्लेयर्स में उनका भी नाम जोड़ देना चाहिए. जिससे मीटिंग रूम में सन्नाटा छा गया. खबर ऑफिशियल होते ही सोशल मीडिया पर खलबली मच गई. कई दिग्गजों ने उन्हें इमोशनल बधाई दी.