)
Anthropic के अंदर काम करने वाला एक रिसर्चर सामने आकर कहे कि अगले सिर्फ 1.3 साल में इंसान हमेशा के लिए बेरोजगार हो सकते हैं. सुनने में यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म की स्क्रिप्ट जैसा लगता है, है ना. पर यह कोई फिल्म नहीं है, बल्कि Anthropic के AI रिसर्चर ताओ लिन की सीधी चेतावनी है. उनका मानना है कि 2027 के अंत तक सुपरह्यूमन AI आ सकता है, जो लगभग हर फील्ड में इंसानों से बेहतर काम करेगा और हमें रोजी-रोटी के लिए पूरी तरह सरकार के भरोसे छोड़ देगा.
सिर्फ 1.3 साल दूर है सुपरह्यूमन AI का दौर
जब कोई बाहरी आदमी AI से डरने की बात करे, तो हम अक्सर उसे अनदेखा कर देते हैं. लेकिन जब वही बात उस इंसान के मुंह से निकले जो खुद टॉप AI लैब में बैठकर सिस्टम को सेफ बनाने का काम कर रहा है, तो कान खड़े होना लाजमी है. Palisade Research को दिए एक इंटरव्यू में Anthropic के रिसर्चर ताओ लिन ने बेहद चौंकाने वाली टाइमलाइन सामने रखी है.
ताओ लिन के मुताबिक, ब्रॉडली सुपरह्यूमन AI आने में अब सिर्फ 1.3 साल या फिर 2027 के अंत तक का वक्त बचा है. जब उनसे पूछा गया कि इस सुपरह्यूमन AI का मतलब क्या है, तो उन्होंने साफ कहा कि यह ऐसा सिस्टम होगा जो लगभग हर फील्ड में सबसे बेहतरीन इंसान एक्सपर्ट के बराबर या उससे भी ज्यादा काबिल होगा. इसमें कोडिंग और प्रोग्रामिंग से लेकर फिल्ममेकिंग और राजनीति जैसे मुश्किल क्षेत्र भी शामिल हैं.
पहले छिनेगी नौकरी और फिर हमेशा के लिए बेरोजगारी
ताओ लिन की चेतावनी सिर्फ इस बात तक सीमित नहीं है कि AI हमसे तेज काम करेगा. असली डर इसके बाद शुरू होता है. लिन का मानना है कि जैसे-जैसे AI इंसानों से ज्यादा और बेहतर काम करने लगेगा, वैसे-वैसे इंसानों को काम पर रखने की जरूरत ही खत्म हो जाएगी.
उन्होंने इस बदलाव का एक बेहद डरावना नक्शा खींचा है. लिन के अनुसार, सबसे पहले लोगों की मौजूदा नौकरियां जाएंगी. इसके बाद लोग थोड़े समय के लिए किसी दूसरे काम या प्रोफेशन की तरफ भागेंगे. लेकिन कुछ वक्त बाद हालात ऐसे बन जाएंगे कि इंसान पूरी तरह अनएम्प्लॉयेबल यानी काम के लायक ही नहीं बचेंगे. उनके पास दोबारा कभी नौकरी पाने की कोई उम्मीद नहीं बचेगी और गुजारा करने के लिए उन्हें पूरी तरह सरकार की आर्थिक मदद यानी वेलफेयर पर निर्भर रहना पड़ेगा.
क्या धरती के लगभग सभी इंसान बेकार हो जाएंगे
इंटरव्यू के दौरान ताओ लिन ने जो बात कही, वो किसी भी नौकरीपेशा या छात्र की नींद उड़ाने के लिए काफी है. उन्होंने कहा कि AI का असर इतना बड़ा हो सकता है कि धरती के लगभग सभी इंसान हमेशा के लिए बेरोजगार हो जाएंगे. जिंदगी चलाने के लिए लोगों को सख्ती से सरकारी मदद पर ही टिकना होगा और इंसान के रोजगार की व्यवस्था पूरी तरह गायब हो जाएगी.
हालांकि लिन ने एक जरूरी पहलू भी साफ किया. उनके मुताबिक, AI के इंसानों से ज्यादा काबिल हो जाने का मतलब यह नहीं है कि अगले ही दिन सबकी नौकरी चली जाएगी. खासकर जो फिजिकल काम हैं, उनमें थोड़ा वक्त लगेगा. इसके लिए कंपनियों को पहले बेहतर रोबोट्स बनाने होंगे और फिर अरबों की संख्या में उनका निर्माण करना होगा, तभी मशीनें बड़े पैमाने पर मजदूरों और कर्मचारियों की जगह ले पाएंगी.
क्या WALL-E फिल्म जैसी हो जाएगी हमारी दुनिया
नौकरी जाने का डर तो अपनी जगह है, लेकिन ताओ लिन ने इससे भी बड़े खतरे की तरफ इशारा किया है. उनका कहना है कि AI इतना ताकतवर हो सकता है कि वो इंसानों से दुनिया का कंट्रोल ही छीन ले. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि करीब 20 प्रतिशत चांस इस बात का भी है कि आखिरकार AI इंसानियत को ही इस समीकरण से पूरी तरह बाहर कर दे.
हालांकि लिन को नहीं लगता कि इंसानों का सीधा खात्मा होने की संभावना बहुत ज्यादा है. उन्होंने AI के पूरी तरह कब्जा करने की संभावना को 50 प्रतिशत से कम बताया, लेकिन एक ऐसी तस्वीर पेश की जो रोंगटे खड़े कर देती है. लिन ने मशहूर एनिमेटेड फिल्म WALL-E का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि हो सकता है AI हमें जिंदा रहने दे, लेकिन सारा कंट्रोल अपने हाथ में रख ले. ठीक WALL-E फिल्म की तरह, जहां इंसान AI के बनाए सिस्टम में रहते हैं, किसी हद तक खुश भी दिखते हैं, पर दुनिया पर उनका कोई कंट्रोल नहीं रहता.
बचाव का रास्ता क्या है और कंपनियां क्यों फेल हो रही हैं
अब सवाल उठता है कि अगर खतरा इतना बड़ा है, तो इससे बचा कैसे जाए. ताओ लिन के पास इसका सीधा जवाब है, रफ्तार कम करो. उनका मानना है कि AI कंपनियों को अपनी रिसर्च और डेवलपमेंट की स्पीड को काफी कम करना होगा. लिन ने सुझाव दिया है कि कंपनियों को अपनी मौजूदा रफ्तार को घटाकर लगभग एक-चौथाई कर देना चाहिए.
उनका तर्क बिल्कुल साफ है. आजकल AI कंपनियों पर नए मॉडल जल्दी से जल्दी मार्केट में उतारने का जबरदस्त दबाव है. इस अंधी दौड़ की वजह से रिसर्चर्स को सही तरीके से सेफ्टी टेस्टिंग करने का पूरा वक्त ही नहीं मिल पा रहा है. अगर रिसर्च की स्पीड धीमी होगी, तो वैज्ञानिकों को सेफ्टी के तरीके सुधारने का मौका मिलेगा और वे यह पक्का कर पाएंगे कि AI सिस्टम हमेशा इंसान के कंट्रोल में ही रहें.
कौन हैं ताओ लिन और क्यों मायने रखती है उनकी बात
ताओ लिन कोई आम कमेंटेटर नहीं हैं. वे पिछले करीब डेढ़ साल से Anthropic में काम कर रहे हैं. इससे पहले वे ऑटोमेटेड अलाइनमेंट रिसर्च और AI कंट्रोल जैसे बेहद संवेदनशील विषयों पर काम कर चुके हैं.
फिलहाल वे Anthropic में सेफगार्ड्स टीम का हिस्सा हैं. उनका काम यह देखना है कि Claude AI से किस तरह के सवाल या रिक्वेस्ट की जा रही हैं और खतरनाक रिक्वेस्ट को ब्लॉक करना, जिनमें हथियार बनाने या हैकिंग से जुड़ी बातें शामिल होती हैं. जब सिस्टम के इतने करीब बैठा इंसान खुद खतरे की घंटी बजा रहा है, तो पूरी दुनिया को इस पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है.