)
मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और सीजन में पहली बार न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. तापमान गिरने से कई जिलों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है और लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेने लगे हैं. इस बीच 20 नवंबर को मौसम का मिजाज बदलने वाला है और मौसम विभाग ने कई जिलों में बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. बारिश के बाद आने वाले दिनों में सर्दी के तेवर और तीखे हो सकते हैं और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कटनी का करौंदी इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, गुना में सबसे अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. राजधानी भोपाल में सुबह हल्की धुंध के बीच न्यूनतम पारा 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, वहीं दिन में तेज धूप निकलने से हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ जिलों में अगले 2 दिनों तक रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट देखने को मिल सकती है
कटनी के अलावा शहडोल के कल्याणपुर में भी तापमान में गिरावट आई है और बीती रात न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा उमरिया में 10.9 डिग्री सेल्सियस और रीवा में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दमोह में 11.2 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 11.8 डिग्री, जबलपुर में 11.9 डिग्री, छतरपुर के नौगांव में 12 डिग्री, छिंदवाड़ा में 12.2 डिग्री, खजुराहो में 12.2 डिग्री, सीधी में 12.4 डिग्री और मंडला में 12.5 डिग्री दर्ज किया गया.
ठंड के इस दौर के बीच 20 नवंबर से बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' की वजह से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार, शहडोल, उमरिया, मंडला और बालाघाट समेत पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में सर्दी के तेवर और तीखे हो सकते हैं. इसके अलावा छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी में भी मौसम बदला रहेगा.
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का सबसे ज्यादा असर शहडोल और डिंडौरी में पड़ सकता है और मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में अगले 24 घंटे में 4 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान भी है.