)
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंधमारी की कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया. जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की. संदिग्ध ने जबरन टर्मिनल-3 में घुसने की कोशिश की, लेकिन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) जवानों ने उसे धर दबोचा. बताया जा रहा है कि यह घटना टर्मिनल 3 के डिपार्चर गेट पर हुई थी. यहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को टर्मिनल में अवैध रूप से घुसने की कोशिश करते देखा. इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को रोका और बल की 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (QRT) की मदद से उसे पकड़ लिया गया.
CISF ने नाकाम की सेंधमारी की कोशिश
सीआईएसएफ के अनुसार, संदिग्ध की ओर से घुसने की कोशिश के कुछ ही सेकंड के भीतर उसे रोक लिया गया और काबू में कर लिया गया. सीआईएसएफ ने बताया कि डिपार्चर गेट पर तैनात कर्मियों और क्यूआरटी की त्वरित कार्रवाई ने सुरक्षा में बड़ी सेंधमारी की कोशिश को नाकाम कर दिया. सुरक्षाकर्मियों और क्यूआरटी टीम के तालमेल से संदिग्ध व्यक्ति को बिना जरूरी यात्रा दस्तावेजों के एयरपोर्ट के प्रतिबंधित टर्मिनल में घुसने से रोका जा सका.
टर्मिनल-3 के पास पकड़ा गया संदिग्ध
सीआईएसएफ ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने असाधारण सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया दिखाते हुए बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के टर्मिनल में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को तुरंत पकड़ लिया. बयान में कहा गया कि क्यूआरटी कर्मियों की समय पर मदद से, उस व्यक्ति को कुछ ही सेकंड में रोक लिया गया, जिससे अनधिकृत प्रवेश रुक गया और एक संभावित सुरक्षा चूक टल गई.
आरोपी से पूछताछ कर रहीं जांच एजेंसियां
सीआईएसएफ के मुताबिक, यह त्वरित और समन्वित कार्रवाई एयरपोर्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सीआईएसएफ कर्मियों की सतर्कता, पेशेवर रवैये और परिचालन तैयारियों को दर्शाती है. सीआईएसएफ ने दोहराया कि उसके कर्मी एयरपोर्ट की सुरक्षा से समझौता करने की किसी भी कोशिश का जवाब देने के लिए हमेशा सतर्क और तैयार रहते हैं. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल, आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट- आईएएनएस