)
बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हम आपके हैं कौन' से लेकर 'हम साथ-साथ हैं' जैसी फिल्में बनाने वाले मशहूर डायरेक्टर सूरज बड़जात्या अपनी नई फिल्म लेकर आने को बिल्कुल तैयार हैं. सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. इसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की जोड़ी नजर आएगी. हाल ही में बीते दिन फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसमें हंसी-ठिठोली के साथ-साथ इमोशनल एंगल भी देखने को मिला.
जैसा कि आप जानते ही हैं कि हर बार सूरज बड़जात्या पारिवारिक ड्रामा में एक मजेदार और नया एंगल जोड़ देते हैं. इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया. थिएटर में वह अब आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के साथ फैमिली लव स्टोरी लेकर आए हैं, जिसमें मायके और ससुराल के कॉन्सेप्ट को दिखाते हुए नया एंगल पेश किया है.
आयुष्मान खुराना और शरवरी की अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने एक म्यूजिकल और मेलोड्रामैटिक ट्रेलर जारी किया है, जो फिल्म की मुख्य थीम को सामने लाता है और इसके किरदारों से परिचय कराता है. 3 मिनट 45 सेकंड लंबे 'ये प्रेम मोल लिया' के ट्रेलर में प्रेम और पूर्वा की कहानी दिखाई गई है. दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं और शादी करने के इरादे से एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर देते हैं, लेकिन कहानी में तब मोड़ आता है, जब पूर्वा बताती है कि वह पारंपरिक उम्मीदों के चलते अपने परिवार को छोड़कर प्रेम के साथ नहीं रह सकती. इसके बाद प्रेम सवाल उठाता है कि वह और उसका परिवार ही पूर्वा के घर क्यों नहीं जा सकते? यहीं से फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है.

जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, 'ये प्रेम मोल लिया' पारिवारिक रिश्तों से जुड़ी जिम्मेदारियों को सामने लाती है. पारंपरिक अपेक्षाओं पर सवाल उठाते हुए, यह फिल्म उन टकरावों को दिखाती है, जो तब पैदा होते हैं जब अलग-अलग पृष्ठभूमि और जीवनशैली वाले दो परिवार एक साथ आते हैं. एक म्यूजिकल फैमिली ड्रामा के रूप में पेश की गई इस फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है और ट्रेलर में कई मधुर गाने सुनने को मिलते हैं. हालांकि, कुछ हिस्से अपनी बहुत ज्यादा मेलोड्रामैटिक शैली के कारण भी अलग से नजर आते हैं.
इस फिल्म का दूसरा पहलू सालों से चली आ रही शादी से जुड़ी परंपराओं पर सवाल उठाना भी है. शरवरी अपने घर से काफी जुड़ी हुई हैं, जिसकी वजह से वह शादी के बाद अपना घर छोड़कर नहीं जाना चाहतीं, क्योंकि उनके परिवार की जिम्मेदारी भी उन्हीं के ऊपर है. ऐसे में आयुष्मान उर्फ प्रेम घर जमाई बनने का फैसला लेते हैं.
वहीं, फिल्म में संगीत की मुख्य भूमिका है. हिमेश रेशमिया द्वारा रचित इस एल्बम को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसके गाने ट्रेंड कर रहे हैं और 'झुमका पटोला' को 10 लाख (एक मिलियन) से ज्यादा बार देखा जा चुका है. फिल्म में कलाकारों की एक बड़ी टीम शामिल है, जिसमें अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी, राजेश कुमार और अन्य कलाकार नजर आएंगे.
-1789958171218.webp)
बता दें कि आयुष्मान इस साल इससे पहले 'उड़ता तीर' और 'पति पत्नी और वो 2' में नजर आए थे. पिछले साल वह मैडॉक फिल्म्स की 'थम्मा' में दिखे थे, जिसे दिवाली पर बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया था, लेकिन यह दुनिया भर में केवल 187 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी. वहीं, दूसरी तरफ शरवरी हाल ही में इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के साथ एक सरप्राइज हिट का हिस्सा रहीं. 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को रिलीज हो रही है.