App

3 शिकार करते ही जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में तोड़ दिया जवागल श्रीनाथ का प्रचंड रिकॉर्ड

जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 3 विकेट लेकर जवागल श्रीनाथ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जसप्रीत बुमराह अब भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं.

3 शिकार करते ही जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में तोड़ दिया जवागल श्रीनाथ का प्रचंड रिकॉर्ड
Image Credit: Jasprit Bumrah

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जब भी मैदान पर उतरते हैं, कोई न कोई नया रिकॉर्ड उनके नाम हो जाता है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से कीवी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी. उन्होंने एक के बाद एक तीन बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया और इसी दौरान भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया. जसप्रीत बुमराह ने पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ दिया है.

बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला वेलिंगटन में जारी है. इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाजी की अगुवाई कर रहे जसप्रीत बुमराह ने शानदार शुरुआत की. उन्होंने मैच की तीसरी ही गेंद पर न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को क्लीन बोल्ड कर दिया. इसके बाद उन्होंने लंच से पहले डेरिल मिचेल को भी अपना शिकार बनाया. दोपहर के सेशन में जसप्रीत बुमराह ने टॉम ब्लंडेल का भी विकेट हासिल किया. टॉम ब्लंडेल 5 रन बनाकर आउट हुए. शुभमन गिल ने स्लिप में उनका शानदार कैच पकड़ा. इस तरह जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती 10 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट अपने नाम कर लिए.

जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास

टॉम ब्लंडेल का विकेट टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह का 237वां विकेट था. अब उनके नाम जवागल श्रीनाथ से एक विकेट ज्यादा हो गया है. जवागल श्रीनाथ ने 1991 से 2002 के बीच भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले और 236 विकेट चटकाए हैं. वहीं, जसप्रीत बुमराह अभी तक 53 टेस्ट मैचों की 100वीं पारी में 237 विकेट हासिल कर चुके हैं. जसप्रीत बुमराह अब टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले 10वें गेंदबाज बन गए हैं.

टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट

पूर्व टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. अनिल कुंबले ने 1990 से 2008 के बीच भारत के लिए 132 टेस्ट मैच खेले और 619 विकेट लिए हैं. रविचंद्रन अश्विन 537 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि कपिल देव ने अपने टेस्ट करियर का अंत 434 विकेट के साथ किया था. हरभजन सिंह ने अपने टेस्ट करियर में 417 विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा ने अब तक 356 विकेट लिए हैं. जहीर खान और ईशांत शर्मा ने भारत के लिए 311-311 विकेट झटके हैं.

जसप्रीत बुमराह के निशाने पर भागवत चंद्रशेखर का रिकॉर्ड

इनके बाद बिशन सिंह बेदी (266) और भागवत चंद्रशेखर (242) का नंबर आता है. जसप्रीत बुमराह ने आखिरी बार नवंबर 2025 में भारत के लिए टेस्ट मैच खेला था. जसप्रीत बुमराह अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर कम से कम 9 विकेट लेने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह चंद्रशेखर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे और भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में नौवें स्थान पर आ जाएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More