हैरी ब्रूक से ज्यादा अनलकी रहा ऑस्ट्रेलिया का ये खिलाड़ी... अकेले बना दिए 242 रन, फिर भी हार गई टीम
इंग्लैंड के खिलाफ ODI में श्रीलंका ने 430 रनों का पीछा कर हैरी ब्रूक को गहरा जख्म दिया. उनके नाम वनडे इंटरनेशनल में हारने वाली टीम की तरफ से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर करने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. टेस्ट में ये रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग के नाम है, जिन्होंने भारत के खिलाफ 242 रन बनाए थे.
पाकिस्तान में चल रही ODI ट्राई सीरीज में गुरुवार (22 अक्टूबर) को क्रिकेट के मैदान पर हाई वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला. रावलपिंडी स्टेडियम में रनों की सुनामी आई, गेंदबाज बेबस नजर आए और बल्लेबाजों की ऐश रही. इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 429 रनों का पहाड़ खड़ा किया. ऐसा लगा कि मैच उनकी मुट्ठी में है, लेकिन श्रीलंका का इरादा इतिहास बदलने का था. कुसल मेंडिस की अगुआई वाली टीम ने वो कर दिखाया, जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की होगी.
श्रीलंका ने 49.5 ओवर में 8 विकेट खोकर विशाल लक्ष्य का पीछा कर इतिहास रच दिया. इंग्लैंड की हार के बाद सबसे बड़ा झटका कप्तान हैरी ब्रूक को लगा होगा. स्टार बल्लेबाज ने 114 गेंदों पर दोहरा शतक जड़कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत नहीं सकी. हैरी ब्रूक ODI के सबसे तेज डबल सेंचुरियन तो बने, लेकिन इस पारी को वो जब भी याद करेंगे तो खुशी से ज्यादा तकलीफ होगी.
हैरी ब्रूक से ज्यादा अनलकी रहा ये खिलाड़ी
हैरी ब्रूक के नाम सबसे तेज डबल सेंचुरियन के साथ-साथ एक अनोखा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है. वो ODI में हारने वाली टीम की तरफ से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. ब्रूक ने 116 गेंदों पर 21 चौके और 10 छक्के की मदद से 202 रन बनाए थे. अगर आप सोच रहे हैं कि ब्रूक सबसे अनलकी क्रिकेटर रहे, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है.
हैरी ब्रूक से भी ज्यादा खराब किस्मत ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग की थी. भारत के खिलाफ 2003 में एडिलेड में खेले गए टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने अकेले 242 रन बना दिए थे. इस दौरान उन्होंने 252 गेंदों का सामना किया था, लेकिन इसके बावजूद कंगारू टीम वो मुकाबला हार गई थी. भारत की तरफ से उस मैच में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने 233 रन और वीवीएस लक्ष्मण ने 148 रन बनाए थे. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 556 रन का स्कोर खड़ा किया और इसके जवाब में भारत ने 523 रन बना दिए.
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम महज 196 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. अजीत अगरकर ने 6 विकेट लेकर कंगारुओं की कमर तोड़ दी थी. दूसरी पारी में भी द्रविड़ ने नाबाद 72 रन बनाए और भारत ने 4 विकेट से ऐतिहासिक जीत हासिल की थी. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में, पोंटिंग का 242 रन अभी भी हारने वाली टीम की ओर से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.
हारने वाली टीम की ओर से सबसे बड़ा स्कोर
टेस्ट - रिकी पोंटिंग (242 बनाम भारत, 2003)
वनडे - हैरी ब्रूक (202 बनाम श्रीलंका, 2026)*
T20I- शेन वॉटसन (124* बनाम भारत, 2016)
टी20 इंटरनेशनल में ये अनोखा रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन के नाम दर्ज है. उन्होंने 2016 में भारत के खिलाफ 124 रनों की शानदार पारी खेली थी, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया ने ये मुकाबला जीत लिया था.