राहुल द्रविड़ के लाडले का जलवा: पूर्व कप्तान के बेटे ने 207 की स्ट्राइक रेट से ठोके रन, टीम ने बना डाले 418 रन
Rahul Dravid Son Anvay Dravid: राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपनी विस्फोटक बैटिंग से सबका दिल जीत लिया. उन्होंने 41 गेंद पर 85 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
Rahul Dravid Son Anvay Dravid: भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ धीरे-धीरे क्रिकेट जगत में अपनी छाप छोड़ते हुए नजर आ रहे हैं. सोमवार (12 अक्टूबर) को वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अन्वय ने दिल्ली अंडर-19 टीम के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी सबका ध्यान खींचा. उन्होंने कर्नाटक के लिए 41 गेंद पर 85 रनों की पारी खेली. उनके अर्धशतक की बदौलत कर्नाटक ने 49 ओवर में 418 रनों का पहाड़ स्कोर बनाया.
17 साल के अन्वय ने अपनी पारी में सात चौके और 5 छक्के लगाए. उन्होंने 207.32 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. अन्वय पूर्व भारतीय कप्तान द्रविड़ के छोटे बेटे हैं. वीनू मांकड़ ट्रॉफी की बात करें तो यह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित होने वाला 50 ओवर का अंडर-19 टूर्नामेंट है.
पिता की तरह करते हैं विकेटकीपिंग
अन्वय ने दो दिन पहले ही 62 गेंद पर 104 रनों की पारी खेली थी. उन्होंने कर्नाटक के लिए चंडीगढ़ के खिलाफ शतक लगाया था. अन्वय पिता की तरह विकेटकीपिंग भी करते हैं. उन्होने कर्नाटक लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और कप्तान के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाया है.
ये भी पढ़ें: रवींद्र जडेजा का 16वां शतक: न्यूजीलैंड दौरे से पहले दिखाया दम, रणजी में सौराष्ट्र के लिए बने संकटमोचक
दिल्ली के गेंदबाजों को कूटा
कर्नाटक के लिए ध्रुव कृष्णन ने 51 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेलकर विशाखापत्तनम में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. इसके बाद अन्वय ने जोरदार तरीके से पारी का अंत किया. पारी के अंत में उनकी बल्लेबाजी ने यह साबित कर दिया है कि वह एक अच्छे फिनिशर के रूप में आगे बढ़ रहे हैं. चंडीगढ़ के खिलाफ उनके शतक और दिल्ली के खिलाफ अर्धशतक ने इस बात को सही साबित किया है.
ये भी पढ़ें: अफवाहों पर लगाम: भारत-श्रीलंका वनडे मैच दिल्ली से अहमदाबाद नहीं होगा शिफ्ट, BCCI का इनकार
अंडर-19 करियर में शानदार रहा प्रदर्शन
घरेलू प्रदर्शन से अन्वय के भारत अंडर-19 करियर की अच्छी शुरुआत हुई है. उन्होंने जुलाई में श्रीलंका के भारत के यूथ वनडेटूर के दौरान हंबनटोटा में खेले गए दूसरे मैच में 67 गेंदों पर 87 रन बनाए थे. उन्होंने सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में भी यही फॉर्म जारी रखा. राजकोट में बारिश के कारण छोटे हुए मैच में अन्वय ने 18 गेंदों पर 38 रन बनाए थे. अन्वय अगर एज ग्रुप मैच में इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखते हैं तो वह जल्द ही भारत 'ए' टीम तक पहुंच सकते हैं.