Ravindra Jadeja Ranji Trophy Century: भारत के दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया के चयन से पहले शतक जमाकर अपना दावा ठोक दिया है. जडेजा ने रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए सोमवार (12 अक्टूबर) को छत्तीसगढ़ के खिलाफ सेंचुरी लगाई. यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका 16वां शतक है और यह एक दम सही समय पर आया है. जडेजा की यह पारी उन्हें न्यूजीलैंड की फ्लाइट का टिकट दिलवा सकती है.
जडेजा ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ संकट के समय बल्लेबाजी की और सौराष्ट्र की पारी को संभाला. उन्होंने 209 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 102 रन बनाए. उनके शतक की बदौलत सौराष्ट्र ने 392 रन बनाए. जडेजा के अलावा प्रेरक मांकड़ ने भी शतक लगाया. वह 150 गेंद पर 129 रन बनाकर आउट हुए. चिराग जानी ने 83 रनों का योगदान दिया.
205 रनों की साझेदारी
सौराष्ट्र की टीम एक समय तीन विकेट पर 120 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी. इसके बाद 151 पर टीम को चौथा झटका लगा. यहां से रवींद्र जडेजा और प्रेरक मांकड़ का साथ मिला. दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट पर 205 रनों की साझेदारी करके सौराष्ट्र को मुश्किलों से निकाल दिया है. दोनों मिलकर टीम को 356 के स्कोर तक ले गए. यहां जडेजा को उनके पूर्व साथी धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने आउट कर दिया. धर्मेंद्रसिंह पहले सौराष्ट्र के लिए ही खेल रहे थे. वह इस सीजन में छत्तीसगढ़ की टीम में शामिल हुए हैं.
जडेजा का शतक क्यों खास?
जडेजा का प्रथम श्रेणी में यह 16वां शतक उनके लिए खास है. उन्होंने अपनी इस पारी से न सिर्फ टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि अपने करियर के आखिरी दौर में टीम में जगह के लिए दावा भी ठोका. न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अगले कुछ दिनों में टीम की घोषणा होनी है. ऐसे में उनके लिए यह शतक काफी काम आएगा.
वेस्टइंडीज के खिलाफ नहीं मिला था बैटिंग का मौका
जडेजा को हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था. टीम इंडिया उस सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की थी. अब जडेजा को रणजी में बल्लेबाजी का मौका मिल गया. उन्होंने इसका फायदा उठाते हुए सैकड़ा जड़ दिया. टीम इंडिया न्यूजीलैंड में पहला टेस्ट मैच 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन में खेलेगी. इसके बाद दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में होगा. अब देखना है कि न्यूजीलैंड की तेज पिचों के लिए बतौर ऑलराउंडर जडेजा का चयन होता या नहीं.