App

मिशन वर्ल्ड कप 2027: बुमराह के साथ घातक जोड़ी बनाएंगे भुवनेश्वर कुमार? अश्विन ने भुवी को बताया 'फिक्स्ड डिपॉजिट'

भुवनेश्वर कुमार ने चार साल बाद भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी की है. अश्विन को लगता है कि अगर वह टी20 इंटरनेशनल मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हैं तो वनडे वर्ल्ड कप का टिकट मिल सकता है.

मिशन वर्ल्ड कप 2027: बुमराह के साथ घातक जोड़ी बनाएंगे भुवनेश्वर कुमार? अश्विन ने भुवी को बताया 'फिक्स्ड डिपॉजिट'
Image Credit: भुवनेश्वर कुमार. BCCI

भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 4 साल बाद टीम इंडिया में वापसी करने में सफल हुए हैं. भुवनेश्वर को 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड में होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए स्क्वॉड में रखा गया है. वह उसी देश में वापसी करने वाले हैं जहां उन्होंने पिछली बार भारत के लिए खेला था. भुवी 22 नवंबर 2022 को नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली बार इंटरनेशनल मैच में नजर आए थे. अब उसी देश के मैदान पर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं.

भुवनेश्वर की वापसी पर टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने खुशी जताई है और उन्हें भारतीय क्रिकेट का 'फिक्स्ड डिपॉजिट' बताया. उन्होंने कहा कि आगामी वर्ल्ड कप में वह जसप्रीत बुमराह के साथ जोड़ी बना सकते हैं. अश्विन का मानना है कि भुवनेश्वर का चयन हुआ है तो चयनकर्ताओं के मन में जरूर कुछ अलग सोच है. अगर भुवी न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 में बेहतर प्रदर्शन करने में सफल हो पाते हैं तो साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का टिकट उन्हें मिल सकता है.

आरसीबी को दो बार बनाया चैंपियन

भुवनेश्वर ने चार सालों के बाद आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में वापसी की है. उन्होंने पिछले दो सालों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई. भुवनेश्वर ने 2025 और 2026 आईपीएल में कुल मिलाकर 45 विकेट चटकाए हैं. इस साल आईपीएल में उन्होंने 28 विकेट लेकर टीम को दूसरी बार चैंपियन बनाया था. उनकी स्विंग और यॉर्कर ने बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया.

अश्विन ने किया बड़ा दावा

अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने भुवनेश्वर के बारे में बात करते हुए कहा कि अगर वह थोड़ी और मेहनत करते और चोटों से बचे रहते, तो जसप्रीत बुमराह के साथ वह तीनों फॉर्मेट में भारत के महान गेंदबाज बन जाते. अश्विन ने कहा, ''मैं भुवनेश्वर के लिए बहुत उत्साहित और खुश हूं क्योंकि वह बहुत ही शांत स्वभाव के इंसान हैं. अगर उन्होंने थोड़ी और मेहनत की होती, सही समय होता और वह चोटों से बचे रहते, तो अपने हुनर के दम पर वह भारत के लिए सभी फॉर्मेट के 'किंग' बन सकते थे. आपको स्विंग चाहिए? उनके पास स्विंग है. एक तरफ गेंद मोड़ने से लेकर दोनों तरफ स्विंग कराने की कला उनके पास है और रफ्तार भी ठीक-ठाक है. भले ही ऑस्ट्रेलिया में उन्हें थोड़ी मुश्किल हुई हो, लेकिन बल्ले से भी वह बढ़िया योगदान दे सकते हैं और एक बेहतरीन कैचर भी हैं. मुझे लगता है कि वह भारतीय क्रिकेट को तीनों फॉर्मेट में और भी बहुत कुछ दे सकते थे.''

वर्ल्ड कप का रास्ता कैसे होगा साफ?

अश्विन ने आगे कहा कि अगर भुवनेश्वर न्यूजीलैंड में अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित करते हैं, तो टी20 इंटरनेशनल के तुरंत बाद उनकी वनडे टीम में भी वापसी हो जाएगी. अश्विन के मुताबिक, ''वह अब न्यूजीलैंड जा रहे हैं. अगर वह वहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं और स्विंग के साथ अपनी फिटनेस दिखाते हैं, तो चयनकर्ता उन पर करीब से नजर रखेंगे. फिर बुमराह और भुवनेश्वरको एक साथ वर्ल्ड कप की फ्लाइट पकड़ने और वर्ल्ड कप की पहली गेंद डालने से कोई नहीं रोक सकता.''

भुवनेश्वर कुमार का अनुभव क्यों है जरूरी?

अश्विन ने यह भी समझाया कि भुवनेश्वर की वनडे टीम में वापसी क्यों जरूरी है. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज का जिक्र किया, जहां भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी दो मैचों में 405 और 352 रन लुटा दिए थे. अश्विन के अनुसार, टीम को गेंदबाजी विभाग में अनुभव की सख्त जरूरत है और भुवी अपने हुनर के साथ टीम के लिए 6 फीसदी ब्याज वाले 'फिक्स्ड डिपॉजिट' या इंश्योरेंस पॉलिसी की तरह काम कर सकते हैं. अगर न्यूजीलैंड दौरे पर गेंदबाजी में कोई दिक्कत आती है, तो चयनकर्ता टी20 सीरीज के बाद भी उन्हें वनडे सीरीज के लिए टीम में बनाए रख सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More