App

धोनी के शहर में खेलेगी टीम इंडिया: रांची में कैसा है भारत का रिकॉर्ड? यहां सिर्फ 3 खिलाड़ी को खेलने का अनुभव

India vs West Indies 2nd T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रांची में खेला जाएगा. भारत यहां 2023 के बाद कोई टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगा. टीम इंडिया का रिकॉर्ड इस मैदान पर शानदार रहा है.

धोनी के शहर में खेलेगी टीम इंडिया: रांची में कैसा है भारत का रिकॉर्ड? यहां सिर्फ 3 खिलाड़ी को खेलने का अनुभव
Image Credit: भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरा टी20. BCCI

India vs West Indies 2nd T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रांची के झारखंड क्रिकेट स्टेट एसोसिएशन (जेएससीए) इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया ने लखनऊ में खेले गए पहले मैच को 8 विकेट से जीता था. सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त हासिल की थी. अब भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शहर में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम की नजर इस लीड को बढ़ाने पर होगी. यहां टीम इंडिया 3 साल के बाद कोई टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने उतरेगी.

इस मैदान पर भारतीय टीम अब तक 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी है. यहां पहला टी20 इंटरनेशनल मैच 2016 में हुआ था. उस मैच में भारत ने श्रीलंका को 69 रनों से हराया था. इसके बाद 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 विकेट और 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट से जीत मिली थी. 2023 में यहां पिछला मैच खेला गया था. उसमें न्यूजीलैंड ने भारत को 21 रनों के अंतर से हराया था.

रांची में भारत का टी20 रिकॉर्ड
मैच: 4
जीत: 3
हार: 1

 

 

रांची में किसके नाम सबसे ज्यादा रन?

रांची में भारत के लिए सबसे ज्यादा 3-3 मैच रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या ने खेले हैं. रोहित ने यहां एक अर्धशतक की मदद से सबसे ज्यादा 109 रन बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर 55 रन रहा है. हिटमैन ने रांची में 4 चौके और 7 छक्के लगाए हैं. उनके बाद शिखर धवन (2 मैच में 66 रन), केएल राहुल (1 मैच में 65 रन), वॉशिंगटन सुंदर (1 मैच में 50 रन) और हार्दिक पांड्या (3 मैच में 48 रन) का नंबर आता है.

रांची में किसने झटके सबसे ज्यादा विकेट?

रविचंद्रन अश्विन  और जसप्रीत बुमराह ने रांची में सबसे ज्यादा 4-4 विकेट लिए हैं. दोनों ने 2-2 मुकाबले खेले हैं. कुलदीप यादव ने 2 मैच में 3 विकेट अपने नाम किए हैं. अर्शदीप ने यहां एक मैच में एक विकेट अपने नाम किया है.

मौजूदा टीम में किसके पास रांची में खेलने का अनुभव?

भारत की मौजूदा टीम में सिर्फ तीन खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके पास रांची में टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का अनुभव हैं. कुलदीप यादव, ईशान किशन और अर्शदीप सिंह यहां 1-1 मैच खेल चुके हैं. बाकी 12 खिलाड़ियों के पास यहां एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का अनुभव नहीं है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नमन धीर, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More