)
भारतीय टीम छह हफ्ते के लंबे दौरे पर न्यूजीलैंड गई है. वहां 5 टी20 मैचों के अलावा 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच भी होंगे. वहां की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भारतीय गेंदबाजों को तरोजाता और फिट रखने के लिए टीम इंडिया ने एक खास प्लान बनाया है. गेंदबाजी मोर्ने मोर्केल ने वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 से पहले इसका खुलासा किया है. उन्होंने कहा है कि टीम मैनेजमेंट के पास गेंदबाजों को फिट रखने के लिए एक बुलेट प्रूफ प्लान है. इस दौरे पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को इस प्लान के तहत टेस्ट में डेब्यू करने का भी मौका मिल सकता है.
गेंदबाजी कोच ने कहा कि उन्होंने इस दौरे को लेकर पहले से ही प्लान तैयार कर लिया है. उनके प्लान में वर्कलोड और अलग-अलग फॉर्मेट में गेंदबाजों की भूमिका भी शामिल है. भारत ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है और मोर्केल ने तीसरे टी20 से पहले कहा, ''हमने इस दौरे को लेकर योजना पहले ही बना ली थी. हर गेंदबाज को वर्कलोड और बॉलिंग में उनसे क्या उम्मीदें हैं, इस बारे में साफ-साफ पता है.'' टीम इंडिया उन खिलाड़ियों का भी इस्तेमाल कर सकती है जो इंडिया ए के लिए दौरे पर खेल रहे हैं.
मोर्केल के पास कैसा प्लान?
मोर्केल ने कहा, ''इंडिया ए टीम में कुछ गेंदबाज टेस्ट मैचों के लिए तैयार हैं. वनडे सीरीज में हम खिलाड़ियों को रोटेट करेंगे और टेस्ट मैचों के लिए तैयार होने के लिए जरूरी समय देंगे. हम यह तय करने में लगे हैं कि बुमराह सहित सभी गेंदबाज तैयार रहें. अभी हमने जिस तरह से सबकुछ प्लान किया है वह एक बुलेटफ्रूफ प्लान है. दुर्भाग्य से सबकुछ प्लान के हिसाब से नहीं होता है.'' बॉलिंग कोच ने माना कि दौरे के दौरान प्लान बिगड़ भी सकते हैं.
टेस्ट में खेलेंगे अर्शदीप?
मोर्केल ने इस बात के भी संकेत दिए हैं कि टेस्ट सीरीज के टीम अतिरिक्त तेज गेंदबाज पर वचार कर सकती है. अर्शदीप सिंह उन खिलाड़ियों में से एक हो सकते हैं. इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अब तक टेस्ट में डेब्यू का मौका नहीं मिला है, लेकिन गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की उनकी क्षमता ने उन्हें चर्चा में बनाए रखा है. अर्शदीप की तारीफ करते हुए मोर्केल ने कहा कि वह उन गेंदबाजों में एक हैं जो लगातार मेहनत करते रहते हैं. अगर लाल गेंद से उनकी जरूरत पड़ेगी तो वह तैयार रहेंगे.
परिस्थितियों को समझने लगी टीम इंडिया
मोर्कल ने कहा, ''हम गेंदबाजों के एक ग्रुप की प्लानिंग कर रहे हैं जिन्हें हम शेड्यूल की वजह से कवर के तौर पर रखना चाहेंगे. जब हमें साल के इस समय के परिस्थितियों की बेहतर समझ हो जाएगी, तो हमें अपनी बॉलिंग यूनिट के मेक-अप के बारे में साफ तस्वीर मिल जाएगी.'' इंडिया ए टीम के साथ आकिब नबी, अंशुल कंबोज, आकाश दीप और मुकेश कुमार गए हैं. इनमें से टेस्ट टीम में आकाश दीप और अंशुल कंबोज चुने गए हैं.