App

528 मैचों में 15000 रन... 1363 चौके और 659 छक्के, T20 क्रिकेट का नया बादशाह है ये विस्फोटक क्रिकेटर

जोस बटलर ने T20 क्रिकेट में इतिहास रचते हुए 15000 रन पूरे कर लिए. वह इस वर्ल्ड रिकॉर्ड तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं.

528 मैचों में 15000 रन... 1363 चौके और 659 छक्के, T20 क्रिकेट का नया बादशाह है ये विस्फोटक क्रिकेटर
Image Credit: Jos Buttler

इंग्लैंड के धुरंधर विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में 15000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम पर दर्ज कर लिया है. जोस बटलर यह प्रचंड वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. जोस बटलर ने अभी तक 528 टी20 मैचों में 35.46 की औसत से 15000 रन बनाए हैं. इंग्लैंड के इस दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने क्रिकेट में इस फॉर्मेट में 1363 चौके और 659 छक्के लगाए हैं. जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में 9 शतक और 107 अर्धशतक ठोके हैं. जोस बटलर के अलावा दुनिया के किसी बल्लेबाज के लिए अभी तक इस वर्ल्ड रिकॉर्ड तक पहुंचना संभव नहीं हुआ है.

जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे T20I मैच में सिर्फ 16 गेंदों में 30 रन बना दिए और अपने टी20 करियर में 15000 रन पूरे कर लिए. इंग्लैंड को इस मुकाबले में 146 रनों के लक्ष्य का पीछा करना था. जोस बटलर को 15000 रन पूरे करने के लिए केवल 30 रन चाहिए थे. उन्होंने ठीक 30 रन बनाकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली. टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में जोस बटलर के बाद वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड का नाम आता है. कीरोन पोलार्ड ने अभी तक 754 टी20 मैचों में 31.71 की औसत से 14999 रन बनाए हैं.

टी20 क्रिकेट का नया बादशाह है ये विस्फोटक क्रिकेटर

जोस बटलर ने किरोन पोलार्ड को सिर्फ एक रन के अंतर से पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. जोस बटलर का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड सिर्फ फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट तक सीमित नहीं है. वह इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए भी लंबे समय से इस फॉर्मेट में अहम खिलाड़ी रहे हैं. जोस बटलर ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए अभी तक 162 T20I मैचों में 4322 रन बनाए हैं. वह T20I में दुनिया के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले T20I में भी उन्होंने 80 रनों की शानदार पारी खेली थी.

मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाज

1. जोस बटलर - 15000 रन

2. कीरोन पोलार्ड - 14999 रन

3. एलेक्स हेल्स - 14581 रन

4. क्रिस गेल - 14562 रन

5. डेविड वॉर्नर - 14284 रन

6. विराट कोहली - 14218 रन

दुनिया की कई बड़ी फ्रेंचाइजी लीग्स में बनाई पहचान

साल 2009 में टी20 क्रिकेट में कदम रखने के बाद जोस बटलर ने दुनिया की कई बड़ी फ्रेंचाइजी लीग्स में अपनी पहचान बनाई है. अभी तक वह 13 अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके हैं. IPL में जोस बटलर ने मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के लिए खेला है. इसके अलावा 'द हंड्रेड' में वह मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हैं. जोस बटलर ने दुनिया की कई बड़ी टी20 लीग्स में भी हिस्सा लिया है. वह बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए खेल चुके हैं. वहीं, SA20 लीग में उन्होंने डरबन सुपर जायंट्स और पार्ल रॉयल्स को रिप्रेजेंट किया है. अलग-अलग देशों की लीग में लगातार खेलने की वजह से उनके टी20 करियर का रिकॉर्ड 15000 रन तक पहुंचा है.

जोस बटलर ने 138 IPL मैचों में 4646 रन बनाए

IPL में भी जोस बटलर का रिकॉर्ड शानदार रहा है. जोस बटलर ने अभी तक 138 IPL मैचों में 4646 रन बनाए हैं. इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने IPL में कुल 7 शतक और 28 अर्धशतक ठोके हैं. जोस बटलर ने अपने IPL करियर में 211 छक्के जमाए हैं. अपने लंबे टी20 करियर में जोस बटलर दुनिया की कई बड़ी टीमों और फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं. उन्होंने इंग्लैंड के अलावा लंकाशायर, मैनचेस्टर ओरिजिनल्स, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, गुजरात टाइटंस, समरसेट, पार्ल रॉयल्स, मुंबई इंडियंस, सिडनी थंडर, कोमिला विक्टोरियंस, डरबन सुपर जायंट्स और मेलबर्न रेनेगेड्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More