साउथ अफ्रीका के गेंदबाज चैड लेकॉक ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. वह मेंस टी20 के एक ही ओवर में 5 विकेट हासिल करने वाले अपने देश के पहले गेंदबाज बन गए. उन्होंने यह रिकॉर्ड सीएसए टी20 चैलेंज (CSA T20 Challenge) टूर्नामेंट में बनाया. अब तक कगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडी और एनरिच नॉर्खिया जैसे खूंखार फास्ट बॉलर किसी भी स्तर पर यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए थे.
सीएसए टी20 चैलेंज में KZN इनलैंड (टस्कर्स) के लिए टाइटंस के खिलाफ इस गेंदबाज ने अपने चार ओवर में 26 रन दिए. इस दौरान उन्होंने 6 विकेट झटके. यह उनके टी20 करियर का बेस्ट प्रदर्शन भी है. वह मेंस टी20 क्रिकेट में ऐसे चौथे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक ओवर में 5 विकेट का कारनामा अपने नाम किए हों.
मिथुन ने हरियाणा के खिलाफ रचा इतिहास
लेकॉक से पहले अब तक तीन गेंदबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की थी. भारत के अभिमन्यु मिथुन, बांग्लादेश के अल अमीन हुसैन और इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदाना ने 1 ओवर में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था. मिथुन की बात करें तो उन्होंने 2019-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान कर्नाटक के लिए हरियाणा के खिलाफ इतिहास रचा था. उनके अलावा अल अमीन हुसैन ने यूसीबी-बीसीबी XI के लिए 2013-14 में विक्ट्री डे कप टी20 कप के दौरान अबाहानी लिमिटेड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी.
टी20 इंटरनेशनल का अनोखा रिकॉर्ड
अगर टी20 इंटरनेशल मैचों की बात करें तो अब तक सिर्फ एक गेंदबाज ने एक ओवर में 5 विकेट लिया है. यह कारनामा इंडोनेशिया के गेंदबाज गेडे प्रियांदाना ने कर दिखाया था. उन्होंने दिसंबर 2025 में कंबोडिया के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी. वह महिला या पुरुष टी20 इंटरनेशनल मैच में इस तरह का रिकॉर्ड बनाने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं.
19वें ओवर में बरपाया कहर
लेकॉक ने 1 ओवर में 5 विकेट लेकर इतिहास तो रच दिया, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए. टस्कर्स को इस मैच में 21 रनों से हार का सामना करना पड़ा. टाइटंस ने 18 ओवर में 4 विकेट पर 193 रन बनाए थे. इसके बाद लेकॉक बॉलिंग के लिए आए. उन्होंने 19वें ओवर में कहर बरपा दिया. इस गेंदबाज ने पहली गेंद पर ल्यूस डु प्लूई को बोल्ड किया. दूसरी बॉल पर दियान गालिएम ने दो रन बनाए. अंतिम चार गेंदों पर लेकॉक ने गालिएम, अफिवे मन्यांडा, जांको स्मिट और एसोसा एहेवबा का शिकार किया. टाइटंस ने 19.5 ओवर में 204 रन बनाए. जवाब में टस्कर्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन ही बना सकी.