साउथ अफ्रीका पर जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में भी लंबी छलांग लगाई है. डरबन में तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला गया और इसमें ऑस्ट्रेलिया ने 214 रनों से जीत हासिल की थी. इस मैच में कंगारू टीम के लिए 190 रनों की पारी खेलने वाले मैथ्यू रेनशॉ ने 149 स्थानों की छलांग लगाई है. रेनशॉ की पारी की बदौलत ही पैट कमिंस की टीम दौरे की शुरुआत जीत के साथ कर पाई.
रेनशॉ ने अपने टेस्ट करियर की सबसे ऊंची रैंकिंग हासिल की है. वह 149 पायदान ऊपर चढ़कर 49वें नंबर पर पहुंच गए. पहली पारी में जब रेनशॉ बल्लेबाजी के लिए आए थे तो ऑस्ट्रेलिया को 124 रन पर छह विकेट गिर गए थे. उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर 390 तक स्कोर को पहुंचाया. रेनशॉ ने जनवरी 2017 के बाद उनकी पहली सेंचुरी लगाई.
दोहरे शतक से फिर चूके
रेनशॉ ने करीब एक दशक बाद टेस्ट में शतक लगाया. उन्होंने पिछली बार पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी में 184 रन बनाए थे. रेनशॉ ने 190 रन बनाकर अपने सर्वश्रेष्ठ स्कोर में सुधार तो किया, लेकिन वह एक फिर से दोहरा शतक नहीं लगा पाए. रेनशॉ ने अपने करियर का दूसरा टेस्ट शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया को संकट से निकाला था.
दूसरी पारी में अर्धशतक
रेनशॉ ने दूसरी पारी में भी शानदार बैटिंग की और 82 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 314 रन बनाकर पारी को घोषित किया और साउथ अफ्रीका को 421 रनों का लक्ष्य दिया. अफ्रीकी टीम दूसरी पारी में 206 रनों पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को 214 रनों से अपने नाम करके सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.
लाबुशेन और हेजलवुड ने लगाई छलांग
रेनशॉ के अलावा बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन और गेंदबाज जोश हेजलवुड को भी फायदा मिला है. लाबुशेन को चार स्थानों का फायदा हुआ और वह 34वें नंबर पर पहुंच गए. उन्होंने पहली पारी में 37 और दूसरी पारी में भी 37 रन बनाए थे. साउथ अफ्रीका के एडेन मार्करम ने दूसरी पारी में 75 रन बनाकर 10वां स्थान हासिल किया. गेंदबाजी की बात करें तो हेजलवुड ने पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 6 विकेट लिए थे. इससे उन्होंने अपने करियर की बेस्ट रैंकिंग हासिल की. वह सातवें नंबर पर पहुंच गए.
भारतीय खिलाड़ियों की क्या स्थिति?
बल्लेबाजी की बात करें तो टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत टॉप-2 में शामिल हैं. पंत भारत के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बने हुए हैं. वह आईसीसी रैंकिंग में सातवें पायदान पर हैं. गिल अभी नौवें नंबर पर हैं. इन दो खिलाड़ियों के बाद यशस्वी जायसवाल का नंबर आता है. यशस्वी 12वें नंबर पर हैं. टॉप-20 में यही तीन बल्लेबाज हैं. गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के तीन खिलाड़ी टॉप-20 में हैं. जसप्रीत बुमराह चौथे, मोहम्मद सिराज 16वें और रवींद्र जडेजा 19वें स्थान पर हैं.