राजस्थान के कोटा में JEE की तैयारी कर रहे 16 साल के छात्र अजीत की मौत का मामला सामने आया है. वह जवाहर नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर प्रथम इलाके में एक पीजी में रहता था. रविवार रात करीब 10 बजे उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को एमबीएस अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है.
छह महीने पहले कोटा आया था छात्र
डीएसपी मनीष शर्मा के मुताबिक, 16 वर्षीय छात्र JEE की तैयारी कर रहा था और पीजी में रहता था. वह मध्यप्रदेश का निवासी था और करीब छह महीने पहले पढ़ाई के लिए कोटा आया था. जवाहर नगर थाने के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र रविवार को कोचिंग में टेस्ट देकर पीजी लौटा था.
रात करीब 10 बजे कमरे में मिला शव
पुलिस के अनुसार, पीजी में रहने वाले छात्र रात को खाना खाने के बाद अक्सर टहलने जाते हैं. रविवार रात करीब 10 बजे अजीत के सामने वाले कमरे में रहने वाले छात्र ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. उसका कमरा अंदर से बंद था. साथी छात्र ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन गेट नहीं खुला.
इसके बाद उसने पीजी संचालक को इसकी जानकारी दी. पीजी संचालक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अजीत फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस छात्र को अस्पताल लेकर पहुंची
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. छात्र को कमरे से उतारकर एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस ने रात में ही परिवार को घटना की सूचना दे दी थी. परिजन कोटा पहुंच गए हैं.
परिवार ने तीन-चार बार किया था फोन
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात अजीत से फोन पर बात हुई थी. उस दौरान उसने बताया था कि कोचिंग में टेस्ट है और वह उसकी तैयारी कर रहा है. रविवार को परिवार ने उसे तीन से चार बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद परिजनों ने पीजी से संपर्क किया, तब उन्हें घटना के बारे में पता चला. परिजनों ने कोचिंग जाकर बातचीत करने की बात भी कही है. फिलहाल छात्र की मौत के पीछे क्या कारण रहे, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है.
Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मानने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.