App

वर्ल्ड कप से पहले बदले कई नियम: टाइम वेस्ट किया तो 5 पेनल्टी रन, कब माना जाएगा ओवरथ्रो? जानें क्या-क्या बदलाव हुआ

Cricket New Rules: ICC ने क्रिकेट के नियम में कई बदलाव किए हैं. अगर कोई खिलाड़ी बैटिंग करते वक्त जानबूझकर टाइम वेस्ट करता है, तो विरोधी टीम को पेनल्टी के जरिए 5 मुफ्त रन दिए जाएंगे.

वर्ल्ड कप से पहले बदले कई नियम: टाइम वेस्ट किया तो 5 पेनल्टी रन, कब माना जाएगा ओवरथ्रो? जानें क्या-क्या बदलाव हुआ
Image Credit: AI Graphic

Cricket Rules: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने क्रिकेट के नियम में कई बदलाव करने का फैसला किया है. अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप 2027 के लिहाज से देखें तो इन बदलावों से रोमांच और बढ़ सकता है. ये बदलाव 1 अक्टूबर या उसके बाद शुरू होने वाली सभी इंटरनेशनल सीरीज पर लागू होंगे, जबकि चल रही सीरीज पुराने नियमों के अनुसार ही खेली जाएंगी. आईसीसी ने जो नियम में बदलाव किया है उसके अनुसार, अगर कोई खिलाड़ी बैटिंग करते वक्त जानबूझकर टाइम वेस्ट करता है, तो विरोधी टीम को पेनल्टी के जरिए 5 मुफ्त रन दिए जाएंगे.

ICC पुरुष क्रिकेट समिति के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि "खेल की शर्तों में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं, जिनमें क्रिकेट बॉल से जुड़े नियम, फील्डिंग के कुछ पहलुओं पर ज्यादा स्पष्टता और खेल की गति को बेहतर बनाने के उपाय शामिल हैं.

आईसीसी ने बदले कई नियम

सौरव गांगुली ने आगे कहा कि इन बदलावों पर बहुत सोच-समझकर विचार किया गया है, ताकि यह पक्का किया जा सके कि खेलने के नियम आधुनिक खेल की जरूरतों के हिसाब से हों और साथ ही खेल की ईमानदारी और एकरूपता भी बनी रहे. आइए क्रिकेट के इन नए नियमों पर एक-एक कर नजर डालते हैं.

समय बर्बाद करने वाले बल्लेबाजों के लिए पेनल्टी

अगर कोई बल्लेबाज तय समय के अंदर गेंद का सामना करने के लिए तैयार नहीं होता है, तो पहली बार ऐसा करने पर चेतावनी दी जाएगी, दूसरी बार आखिरी चेतावनी दी जाएगी, और तीसरी बार या उसके बाद हर बार ऐसा करने पर फील्डिंग करने वाली टीम को 5 पेनल्टी रन दिए जाएंगे. बार-बार ऐसा करने पर 'आचार संहिता' (Code of Conduct) के नियमों को भी लागू किया जा सकता है.

Image

ओवरथ्रो पर स्पष्टता

ओवरथ्रो किसे माना जाएगा, इसे लेकर अब कोई उलझन नहीं है. ओवरथ्रो का मतलब है रन रोकने या रन-आउट करने के लिए गेंद को स्टंप्स की तरफ फेंकने की कोशिश करना. गेंद को रोकने या किसी दूसरे फील्डर को पास करने की कोशिश के दौरान हुई मिसफील्डिंग को ओवरथ्रो नहीं माना जाएगा.

डेड बॉल कब दिया जाएगा?

अब अंपायर के पास यह तय करने की ज्यादा छूट होगी कि बॉल पूरी तरह से 'सेटल्ड' (स्थिर) हो गई है या नहीं. यह बात अक्सर बहुत अहम हो सकती है, खासकर किसी करीबी मैच की आखिरी गेंद पर. अब बॉल के पूरी तरह से 'सेटल्ड' माने जाने के लिए उसका बॉलर या विकेटकीपर के हाथों में होना जरूरी नहीं है.

पिंक बॉल का इस्तेमाल

खराब रोशनी की वजह से खेल के नुकसान को कम करने के लिए, आपसी सहमति से दिन के समय होने वाले टेस्ट मैचों में ट्रायल के तौर पर पिंक बॉल का इस्तेमाल किया जा सकता है.पिंक बॉल के इस्तेमाल पर टेस्ट मैच शुरू होने से पहले ही सहमति बन जानी चाहिए और एक बार सहमति बनने के बाद, यह पूरे मैच के दौरान लागू रहेगी. मैच शुरू होने के बाद इस फैसले को बदला नहीं जा सकता. मैच शुरू होने के बाद रेड बॉल से पिंक बॉल में बदलना भी मंजूर नहीं है.

T20I में पारी के बीच का अंतराल

T20I क्रिकेट में अब 15 मिनट का तय अंतराल होता है. समय बर्बाद होने पर इसे कम करके कम से कम 10 मिनट किया जा सकता है.

ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर आ सकेंगे कोच

ODI और T20I के खेलने के नियमों में अब बदलाव किया गया है, ताकि 'हेड कोच या उनके द्वारा नियुक्त व्यक्ति' ड्रिंक्स ब्रेक के समय मैदान पर आ सकें. इसका मतलब है कि अब ड्रिंक ब्रेक के दौरान टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर खिलाड़ियों से बातचीत करने या उनसे सलाह देने खुद मैदान पर आ सकेंगे.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More