)
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल का टिकट कटवा लिया है. दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाले सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर गोल्ड मेडल मैच में सीट कन्फर्म कर ली. गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एक समय पर टीम इंडिया ने 3-0 की बढ़त बना ली थी.
उसके बाद भारतीय खिलाड़ी थोड़े ढीले पड़े और पाकिस्तान ने इसका फायदा उठाया. बैक टू बैक तीन गोल दागकर उन्होंने करोड़ों भारतीय फैंस की धड़कनें तेज कर दी. जब लगा कि जीती हुई बाजी हाथ से निकल जाएगी तो एक 'हीरो' ने रुख बदल दिया.
आखिरी मिनट से पहले तक स्कोर 3-3 था. ऐसा लगा कि फैसला अब पेनल्टी शूटआउट के जरिए निकलेगा, लेकिन अभिषेक का इरादा कुछ और था. आखिरी 47 सेकेंड पर उन्होंने धमाकेदार गोल दागकर भारत को जीत दिलाई और पाकिस्तान को सदमे में डाल दिया.
𝗔 𝗦𝗘𝗠𝗜-𝗙𝗜𝗡𝗔𝗟 𝗧𝗢 𝗥𝗘𝗠𝗘𝗠𝗕𝗘𝗥! 🇮🇳🔥
A night of intensity, emotion and unforgettable moments as India battled Pakistan all the way to a 4-3 victory and secured a spot in the Asian Games 2026 final. 🏑⚡
Take a look back at the action through our match album. 📸🇮🇳… pic.twitter.com/J3Anm19FR3— Hockey India (@TheHockeyIndia) October 1, 2026
भारत ने ये रोमांचक मुकाबला 4-3 से जीत लिया. दूसरा सेमीफाइनल मलेशिया और रिपब्लिक ऑफ कोरिया के बीच खेला जा रहा है. इस मैच की विजेता टीम फाइनल में भारत से भिड़ेगी.
मैच की शुरुआती 30 मिनट तक भारतीय टीम पूरी तरह से हावी थी. खाता कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खोला. उन्होंने 5वें और 13वें मिनट पर पेनल्टी को गोल में तब्दील कर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई. 23वें मिनट में सुखजीत सिंह ने फील्ड से गोल दागकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया, लेकिन इसके बाद कहानी बदली और ट्विस्ट आया.
शुरुआती 30 मिनट तक बैकफुट पर रहने के बाद पाकिस्तान ने जबरदस्त पलटवार किया. अबू मोहम्मद ने 30वें मिनट में पाकिस्तान का खाता खोला. 45में मिनट में हनान शाहिद और 49वें मिनट में वहीद राणा ने गोल दागकर स्कोर को 3-3 की बराबरी पर खड़ा कर दिया. मैच रोमांचक मोड़ पर था, लेकिन आखिरी मिनट में अभिषेक के गोल से भारत ने राहत की सांस ली और पाकिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट कटवाया.
भारतीय महिला टीम भी शुक्रवार को होने वाले फाइनल में चीन का सामना करेगी. 1998 के बाद यह पहला मौका होगा जब भारतीय पुरुष और महिला, दोनों टीमें एशियाई खेलों के हॉकी फाइनल में एक ही संस्करण में खेलेंगी.
बता दें कि आइची-नागोया 2026 में, पुरुष और महिला हॉकी टूर्नामेंट LA 2028 ओलंपिक के लिए क्वालिफायर का काम भी करेंगे, जिसमें गोल्ड मेडल जीतने वाली टीमों को आगामी समर गेम्स के लिए सीधे एंट्री मिलेगी.