App

टीम इंडिया को बड़ा झटका: चोट के चलते तीसरे ODI से बाहर हुए प्रसिद्ध कृष्णा, CSK के गेंदबाज की चमकी किस्मत

वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में होने वाले मैच से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है. स्टार तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा चोट की वजह से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह CSK के गेंदबाज अंशुल कंबोज के लिए टीम इंडिया का दरवाजा खुला है.

टीम इंडिया को बड़ा झटका: चोट के चलते तीसरे ODI से बाहर हुए प्रसिद्ध कृष्णा, CSK के गेंदबाज की चमकी किस्मत
Image Credit: BCCI/X

वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे है. तीसरा और आखिरी मुकाबला शनिवार, 3 अक्टूबर को खेला जाएगा. न्यू चंडीगढ़ में होने वाले मैच से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है. स्टार तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा चोट की वजह से बाहर हो गए हैं. गुवाहाटी ODI में भीषण गर्मी ने कृष्णा को परेशान किया था और गेंदबाजी के दौरान वो हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आने की वजह से मैदान से बाहर चले गए थे. अब ऐसी रिपोर्ट सामने आई है कि प्रसिद्ध कृष्णा तीसरे मैच में उपलब्ध नहीं होंगे. उनकी जगह चेन्नई सुपर किंग्स के पेसर को टीम में शामिल किया गया है.

स्पोर्ट्सस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, प्रसिद्ध कृष्णा की जगह CSK के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को टीम में जगह मिली है. अंशुल ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ चल रहे अनौचारिक टेस्ट में भारत ए टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है. इसी वजह से उन्हें बीच मैच से बाहर कर टीम इंडिया के साथ जुड़ने को कहा गया है. हालांकि, बीसीसीआई की तरफ से रिप्लेसमेंट की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.

कंबोज की एंट्री लेकिन खेलना मुश्किल

प्रसिद्ध कृष्णा के बैकअप के तौर पर चयनकर्ताओं ने भले ही अंशुल कंबोज को बुलाया है, लेकिन तीसरे ODI में उनका खेलना मुश्किल है. अनुभवी पेसर मोहम्मद सिराज शुरुआती दोनों मैचों में बेंच पर बैठे. न्यू चंडीगढ़ में होने वाले आखिरी मुकाबले में सिराज के लिए प्लेइंग इलेवन का दरवाजा खुलना लगभग तय है.

गेंदबाजों की दुर्दशा को बचा रहे बल्लेबाज

वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी ODI में भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की, लेकिन कहते हैं ना कि हर सिक्के के दो पहलू होते हैं. शुभमन गिल की रिकॉर्डतोड़ पारी और रोहित शर्मा के शतक के दम पर टीम इंडिया ने बाजी तो मार ली, लेकिन ये भी ध्यान में रखना होगा कि गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 405 रन बना दिए थे. तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़ा और भारतीय गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाकर रखा. ऐसे में टीम मैनेजमेंट गेंदबाजों को सुधार करने की सलाह जरूर देगी. अनुभवी पेसर मोहम्मद सिराज के आने से पेस अटैक थोड़ा मजबूत हो सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More