)
रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 'बाप' वाले बयान पर भाजपा लगातार पलटवार कर रही है. हाल ही में भाजपा के X हैंडल से एक दिलचस्प पोस्ट शेयर की गई है. जिसमें पार्टी ने कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को संबोधित करते हुए लिखा,'मोदी कहीं नहीं जाएगा'.
भाजपा ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा,'डियर खरगे जी, मोदी कहीं नहीं जाने वाले! उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है. उनके पास हमारे वोट हैं, ब्रो. ऐसी चीज आपके मास्टर के पास कभी नहीं होगी.'
We've a message for Congress, RaGa and Kharge: 𝐈𝐭'𝐬 𝐃𝐎𝐍𝐄, 𝐁𝐫𝐨𝐨𝐨𝐨! 😎📈 https://t.co/V9KzbdcP4S
— BJP (@BJP4India) October 26, 2026
भाजपा ने अपने इस पोस्ट में जेन-Z और इंटरनेट मीम कल्चर में इस्तेमाल होने वाली अनौपचारिक, चुटीली भाषा का इस्तेमाल किया है. ठीक इसी तरह की भाषा इस्तेमाल CEC ज्ञानेश कुमार के विरोध में विपक्ष और युवाओं के जरिए किया जा रहा है. इनका नारा था, 'ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो'. यह किसी गंभीर राजनीतिक बयान के बजाय विरोधियों को चिढ़ाने या उनकी बात का मजाक उड़ाने वाली सोशल मीडिया शैली है.
रविवार यानी 25 अक्तूबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पटना में थे. यहां पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में उन्होंने SIR और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे और कहा था कि मोदी की जाना होगा. इसी बीच सामने बैठे लोगों में एक शख्स उठता और कहता है,' मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इसके जवाब में खरगे ने कहा,'मोदी का बाप भी जाएगा.' इसी टिप्पणी पर विवाद शुरू हुआ.
कांग्रेस अध्यक्ष की विवादित टिप्पणी के बाद पूरी भारतीय जनता पार्टी ने उनके खिलाफ हमलावर हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह ने उनके इस बयान की निंदा की.
अमित शाह ने लिखा,'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं. यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों. कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएँ पार करती जा रही है.'
अमित शाह ने आगे लिखा,'बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है. जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है. जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है.'