App

शादी का रिश्ता ठुकराने की सनक: नई नवेली दुल्हन का सरेराह मर्डर, सिरफिरे ने पति के सामने मारी गोली

यह मामला पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का है, जहां निकाह के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन को सरेराह गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया. इस वारदात को सिरफिरे आशिक ने अंजाम दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

शादी का रिश्ता ठुकराने की सनक: नई नवेली दुल्हन का सरेराह मर्डर, सिरफिरे ने पति के सामने मारी गोली
Image Credit: पाकिस्तान में सनकी आशिक ने एक नई नवेली दुल्हन को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया.

कहते हैं कि जब एकतरफा प्यार में सनक सवार होती है, तो दिमाग काम करना बंद कर देता है. पाकिस्तान में एक सिरफिरे आशिक के साथ यही हुआ है. यहां 21 साल की एक नई नवेली दुल्हन अपनी नई जिंदगी शुरू करने निकली ही थी कि रास्ते में उसे मौत की नींद सुला दिया गया. लड़की की जान उस सिरफिरे आशिक ने ली, जो एकतरफा प्यार में पागल था. जब लड़की ने दूसरे लड़के से निकाह किया तो सिरफिरे आशिक ने पति के सामने ही उसके सीने में गोली दाग दी.

यह वारदात पंजाब प्रांत के गुजरांवाला जिले की है. मृतका की पहचान 21 साल की सबा तुफैल के रूप में हुई है. वह न्यू गुलशन कॉलोनी की रहने वाली थी. पिछले शुक्रवार को गुजरांवाला के ही रहने वाले सूफियान से उसका निकाह हुआ था. आरोपी इस बात से खफा था कि लड़की ने 3 साल पहले उसका शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया था.

बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे आरोपी

'द डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, कपल का वलीमा रिसेप्शन शनिवार को GT रोड पर शालीमार टाउन के एक बैंक्वेट हॉल में हुआ था. जब कपल वेन्यू से कार में घर लौट रहा था तभी चुंगी नंबर 10 के पास गाड़ी को रोककर सबा को गोली मारी गई. जैसे ही कार गुजरांवाला के समानाबाद इलाके के पास पहुंची तभी 2 युवक बाइक पर सवार होकर आए और कार का रास्ता रोक लिया.

'तुम सिर्फ मेरी थी...' कहकर सीने में दाग दी गोली

पुलिस ने बताया कि आरोपी सरफराज ने गाड़ी रुकते ही सबा से बहस की. उसने चिल्लाते हुए कहा, 'तुम सिर्फ मेरा प्यार थीं और तुमने किसी दूसरे से शादी करके मेरी इज्जत को चुनौती दी है.' इतना कहते ही आरोपी ने पिस्टल निकाली और सबा के सीने में गोली दागकर मौके से फरार हो गया.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

गोली लगने के बाद सबा को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका, क्योंकि सीने में गहरा घाव था और काफी खून बह चुका था. डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया. इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. इस तरह निकाह की खुशियां मातम में बदल गईं.

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्राइम सीन से सबूत इकट्ठा किए. गुजरांवाला क्राइम कंट्रोल डिपार्टमेंट (CCD) ने पीड़िता के भाई एजाज अहमद की शिकायत पर तीन संदिग्धों, सरफराज, वजीराबाद शहर की उसकी चचेरी बहन अरूब और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

अरूब के जरिए सबा से मिला था सरफराज

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि सबा, अरूब की दोस्त थी और दोनों एक फैक्ट्री में काम करती थीं. वे अक्सर एक-दूसरे के घर आती-जाती थीं. सरफराज, सबा से अरूब के घर पर मिला था और उसे पसंद करने लगा था. फिर उसने सबा के माता-पिता को शादी का प्रस्ताव भेजा, लेकिन उसे ठुकरा दिया गया क्योंकि दोनों परिवार अलग-अलग कम्युनिटी के थे. इसके बाद से ही वह सबा और उसके परिवार से नाराज था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More