SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अफगानिस्तान के इस खिलाड़ी को Oscar देने की मांग: मैच ड्रॉ कराने के लिए की ऐसी एक्टिंग, याद आया वर्ल्ड कप वाला कांड!

अफगानिस्तान के खिलाड़ी कैस अहमद अपनी एक्टिंग के कारण सुर्खियों में हैं. आखिरी दिन का खेल खत्म होने से 10 मिनट पहले उन्होंने जिस अंदाज में नाटक किया, उसे देखने के बाद 2024 टी20 वर्ल्ड कप का वो विवादित ड्रामा याद आ गया, जब गुलबदीन नायब ने फील्डिंग करते समय ड्रामा किया था.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 14, 2026, 04:51 PM IST | Updated: Oct 14, 2026, 05:02 PM IST
Image Credit: Screengrabs/X
Join

सेदिकुल्ला अटल की मैराथन सेंचुरी और निचले क्रम के बल्लेबाजों के शानदार संघर्ष के दम पर अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए टेस्ट को ड्रॉ कराया. अबू धाबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगान टीम ने फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें 'वॉरियर्स' कहा जाता है. मैच पूरी तरह से बांग्लादेश के कब्जे में था, लेकिन उसे ड्रॉ में तब्दील कर अफगानिस्तान ने ऐतिहासिक कारनामा किया.

अच्छे प्रदर्शन के बीच टीम के खिलाड़ी कैस अहमद की एक्टिंग की चर्चा भी खूब हो रही है. आखिरी दिन का खेल खत्म होने से 10 मिनट पहले उन्होंने जिस अंदाज में नाटक किया, उसे देखने के बाद 2024 टी20 वर्ल्ड कप का वो विवादित ड्रामा याद आ गया, जब बांग्लादेश के खिलाफ मैच में ही अफगानिस्तान के ऑलराउंडर गुलबदीन नायब ने फील्डिंग करते समय जबरदस्त एक्टिंग की थी. तब सोशल मीडिया के जरिए फैंस ने उन्हें ऑस्कर अवॉर्ड देने की मांग की थी, अब कैस अहमद को भी ऑस्कर देने की मांग हो रही है.

कैस अहमद की एक्टिंग क्यों चर्चा में?

बांग्लादेश के खिलाफ इकलौते टेस्ट के आखिरी दिन सेदिकुल्ला अटल ने 332 गेंदों का सामना करते हुए 111 रनों की जुझारू पारी खेली. हालांकि, उनके आउट होने के बाद बांग्लादेश के लिए जीत का दरवाजा खुल गया. 7 विकेट गिरने के बाद बाएं हाथ के स्पिनर कैस अहमद बल्लेबाजी करने उतरे. थोड़ी देर बाद यामीन अहमदजई के रूप में अफगानिस्तान को 8वां झटका लगा और हार का खतरा मंडराने लगा.

उसके बाद कैस अहमद ने दो चौके लगाए. उनका असली मकसद समय बर्बाद करना था, ताकि मैच ड्रॉ हो सके. इसी कोशिश में 140वें ओवर में वो तैजुल इस्लाम की दूसरी गेंद खेलने के बाद क्रीज पर ही गिर गए और दर्द से चिल्लाने लगे. उन्होंने हाव-भाव से बताया कि उनके पैर में खिंचाव आया है और अफगानिस्तान के फिजियो उन्हें देखने पहुंचे. कैस अहमद ने चार मिनट बर्बाद किया. कमेंटेटर्स भी हंसने पर मजबूर हो गए और साफ-साफ कहा कि वो एक्टिंग कर रहे हैं और अफगानिस्तान की तरफ से ऐसा सीन पहले भी देखा है.

कमेंटेटर अहमद फरहाद फिदाई ने हंसते हुए कहा- कैस अहमद ने फिर वही कर दिखाया! इससे मुझे गुलबदीन नायब की याद आ गई. अरे बाप रे, फिर से वही बात... हम समझ सकते हैं कि यहां क्या हो रहा है! शानदार, एकदम शानदार. बहुत बढ़िया. उम्मीद है कि वो ठीक होंगे.

ताजा हुआ गुलबदीन नायब वाला कांड!

टेस्ट मैच ड्रॉ कराने के लिए कैस अहमद की ये एक्टिंग देखकर कमेंटेटर सहित फैंस को गुलबदीन नायब की याद आ गई. दिलचस्प ये है कि उन्होंने भी ड्रामा बांग्लादेश के खिलाफ ही किया था. टी20 वर्ल्ड कप 2024 में बारिश से प्रभावित उस मुकाबले में बांग्लादेश की पारी के 12वें ओवर में बारिश शुरू हो गई. डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत अफगानिस्तान दो रन से आगे था. इसके बाद अचानक स्लिप में फील्डिंग कर रहे गुलबदीन नायब जमीन पर गिर गए. किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर उन्हें हुआ क्या?

खिंचाव की शिकायत करने के बाद फिजियो मैदान पर आए और समय की बर्बादी की. हालांकि, गुलबदीन की एक्टिंग रंग लाई, क्योंकि अफगानिस्तान ने DLS नियम के तहत 8 रन से मैच जीता और फिर ऑस्ट्रेलिया को बाहर करते हुए पहली बार ICC वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई.

यह भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स को पहली ट्रॉफी का इंतजार: दादा और युवराज की जोड़ी से बदलेगी तकदीर, क्या होगी IPL ऑक्शन की रणनीति?
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES