)
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. भारत ने गुरुवार को साउथ कोरिया को 8-2 से हराकर ग्रुप स्टेज में लगातार तीसरी बड़ी जीत दर्ज की. इस मुकाबले में दिलप्रीत सिंह भारत के सबसे बड़े स्टार रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में बड़ा रोल निभाया. इससे पहले भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 और श्रीलंका को 16-1 से हराया था.
डिफेंडिंग चैंपियन भारत अब ग्रुप स्टेज में अपने बाकी दो मुकाबलों में जापान और बांग्लादेश का सामना करेगा. भारत का जापान से मुकाबला 26 सितंबर और बांग्लादेश से मैच 28 सितंबर को होना है. टीम की नजर ग्रुप स्टेज में सभी मैच जीतकर शानदार अभियान जारी रखने पर है. भारत एशियन गेम्स में अपना गोल्ड मेडल बचाने के साथ-साथ लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करने के लक्ष्य के साथ आया है.
From the opening whistle to the final hooter, the Indian Men’s Team put on a commanding display to beat South Korea 8-2 in their third match of the Asian Games 2026 campaign. It's India's best result ever against the South Koreans in Asian Games history.🏑💪
Three wins from… pic.twitter.com/AXgN3wlSUo— Hockey India (@TheHockeyIndia) September 24, 2026
भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. चौथे मिनट में शैलानंद लाकड़ा ने भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. अभिषेक का पास ब्लॉक होने के बाद गेंद शैलानंद के पास पहुंची और उन्होंने रिबाउंड पर शानदार फिनिश करते हुए भारत का खाता खोल दिया. नौवें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया. उन्होंने सेंटर से जोरदार शॉट लगाया, जो गोलकीपर से टकराकर गोल में चला गया. साउथ कोरिया की कमजोर डिफेंस का भारत ने पूरा फायदा उठाया और शुरुआती मिनटों में ही मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
11वें मिनट में भारत को मुकाबले का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने मौके को बिल्कुल नहीं गंवाया और शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी. पहले क्वार्टर के आखिरी पलों में अभिषेक ने शानदार गोल करके भारत को 4-0 से आगे कर दिया. इस गोल में शैलानंद की भी अहम भूमिका रही. पहले क्वार्टर के खत्म होने तक भारत पूरी तरह मुकाबले पर हावी नजर आया.
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में कुछ समय तक कोई गोल नहीं हुआ. भारत ने इस दौरान कई बार एरियल बॉल का इस्तेमाल करते हुए साउथ कोरिया की डिफेंस को परेशान किया. आखिरकार 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल दाग दिया. मनप्रीत सिंह के पास को हासिल करने के बाद दिलप्रीत ने शानदार डिफ्लेक्शन से गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचा दिया.
साउथ कोरिया के खिलाड़ी भारत की आक्रामक हॉकी के सामने लगातार संघर्ष करते रहे. पहले हाफ के खत्म होने तक भारत ने 5-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी. तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही दिलप्रीत ने अपना तीसरा गोल करके हैट्रिक पूरी कर ली. 32वें मिनट में राजिंदर के तेज पास को हासिल करने के बाद दिलप्रीत ने शानदार टॉमहॉक शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया. भारत को इसके बाद कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में बदल नहीं सकी. हालांकि अभिषेक ने शानदार खेल जारी रखा और भारत के लिए सातवां गोल कर दिया. यह गोल बेहतरीन टीमवर्क का नतीजा था, जहां कई पास के बाद गेंद अभिषेक तक पहुंची और उन्होंने बिना कोई गलती किए उसे गोल में बदल दिया.
42वें मिनट में साउथ कोरिया ने आखिरकार अपना पहला गोल कर दिया. किम जेहो ने गेंद को गोल में पहुंचाकर अपनी टीम का खाता खोला. तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक भारत 7-1 से आगे था. 52वें मिनट में साउथ कोरिया ने एक और गोल करके स्कोर 7-2 कर दिया. इस बार किम योंगबोक ने गोल किया. हालांकि इससे मैच के नतीजे पर कोई खास असर नहीं पड़ा और भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी. मैच के आखिरी मिनट में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवां गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी. इस तरह भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराकर एशियन गेम्स 2026 में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की. भारतीय मेंस हॉकी टीम अब 26 सितंबर को जापान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. इसके बाद 28 सितंबर को बांग्लादेश से मुकाबला होगा.