App

Asian Games 2026: रोशिबिना देवी ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में जीता लगातार दूसरा सिल्वर

एशियन गेम्स 2026 में भारत की रोशिबिना देवी ने वुशु में लगातार दूसरा सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. वह एशियन गेम्स में वुशु के तीन लगातार पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं.

Asian Games 2026: रोशिबिना देवी ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में जीता लगातार दूसरा सिल्वर
Image Credit: Roshibina Devi

भारतीय वुशु स्टार रोशिबिना देवी ने महिलाओं की सांडा 60 किग्रा कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. रोशिबिना देवी ने फाइनल के दोनों राउंड 0-5 के स्कोर से गंवाए. चीन की झांग शियाओयू ने मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर गोल्ड मेडल जीता. रोशिबिना इससे पहले 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं. इससे पहले 2018 एशियन गेम्स में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था.

रोशिबिना देवी अब एशियन गेम्स में वुशु में लगातार तीन पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं. 2018 में ब्रॉन्ज, 2022 में सिल्वर और अब 2026 में एक और सिल्वर के साथ रोशिबिना देवी के करियर का यह सफर बेहद खास उपलब्धि बन गया है. रोशिबिना देवी ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. अपने अभियान के दौरान उन्होंने 2023 की वर्ल्ड चैंपियन वियतनाम की गुयेन थी थू थुई को भी हराया. इसके बाद बुधवार को सेमीफाइनल में उन्होंने इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को 2-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी.

रोशिबिना देवी ने रचा इतिहास

रोशिबिना देवी के सिल्वर के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या 14 हो गई है. भारत के खाते में अब तक 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल हैं. इस तरह भारतीय दल की मेडल टैली में लगातार इजाफा हो रहा है. रोशिबिना देवी के अलावा गुरुवार को रोइंग में भी भारत ने पदक जीता. सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने पुरुषों के डबल स्कल्स फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. भारतीय जोड़ी ने 6:13.25 का समय निकाला और चीन के गोल्ड मेडलिस्ट यी शुदी/नी यिदे से 3.48 सेकंड पीछे रही. सिल्वर मेडल जीतने वाली मेखरोजबेक ममतकुलोव/पावेल सोरिन की जोड़ी से भारत 2.76 सेकंड पीछे रही.

सतनाम- सलमान ने जीता ब्रॉन्ज

सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने रेस के शुरुआती हिस्से में शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय जोड़ी 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर के पड़ाव पर दूसरे स्थान पर थी. एक समय वे चीनी जोड़ी से केवल आधा सेकंड पीछे थे, लेकिन अंतिम हिस्से में उनकी रफ्तार थोड़ी कम हुई और उन्हें ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा. 

बलराज पंवार मेडल जीतने से चूके

इसके अलावा पुरुषों के सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार का मेडल जीतने का सपना पूरा नहीं हो सका. उन्होंने रेस के 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर के पड़ाव तक दूसरा स्थान बनाए रखा था, लेकिन आखिरी 500 मीटर में उज्बेकिस्तान के शाखबोज खोलमुरजाएव और जापान के तात्सुया सकुरामा ने उन्हें पीछे छोड़ दिया. अंतिम चरण से पहले बलराज पंवार जापान के सकुरामा से करीब पांच सेकंड आगे थे, लेकिन फिनिश लाइन तक पहुंचते-पहुंचते तस्वीर पूरी तरह बदल गई. बलराज ने 6:54.80 का समय निकाला और चौथे स्थान पर रहे. वह गोल्ड मेडल जीतने वाले चीन के झिवेई डेंग से करीब 15 सेकंड पीछे रहे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More