)
आप अपने सामान्य जीवन में पनौती शब्द कई बार सुना होगा लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका मतलब क्या है. जब हमारा कोई काम नहीं बनता, शुभ कार्य में बाधा आती है या ऐसा लगता है कि भाग्य साथ नहीं है, तो मन में यही आता है कि क्या पनौती है. पनौती को बुरी किस्मत और काम बिगाड़ू ही माना जाता है. आइए इस लेख में जानें आखिर पनौती है क्या और इसका शनि देव व उनकी बहन भद्रा से क्या संबंध है.
आमतौर पर ज्योतिष शास्त्र में पनौती को बुरी किस्मत से जोड़ा जाता है लेकिन इसका सीधा संबंध शनि देव से है. शनि की स्थिति और उसकी चाल व्यक्ति के जीवन पर शुभ-अशुभ प्रभाव डालती है. ज्योतिष में शनि की चाल से किसी व्यक्ति के जीवन में साढ़ेसाती और ढैय्या शुरू या खत्म होते हैं. साढ़े सात साल की साढ़ेसाती और ढाई साल की ढैय्या का प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर रहता है. शनि की साढ़ेसाती बड़ी पनौती है और इस दौरान व्यक्ति को कठिन समय भी देखना पड़ सकता है, जीवन के संघर्ष बढ़ जाते हैं और हर कर्म का फल मिलने लगता है. शनि की ढैय्या छोटी पनौती है, इस दौरान व्यक्ति के जीवन में छोटे-छोटे संघर्ष, चुनौतियां और बाधाएं आती हैं. इन दोनों ही अवधि में सावधानी और धैर्य बनाए रखने की जरूरत होती है.
शनि की बहन और सूर्यपुत्री भद्रा का भी पनौती से गहरा संबंध है. दरअसल, ज्योतिष शास्त्र में भद्रा को भी पनौती कहा गया है क्योंकि जब भी पृथ्वी पर भद्रा का वास होता है वैसे ही सभी शुभ कार्य रुक जाते हैं और क्योंकि भद्राकाल में शुभ कार्य करने से उसमें अड़चन आने की पूरी संभावना होती है. इस तरह भद्राकाल को पनौती के रूप में भी देखा जाता है.
एक सवाल मन में उठता है कि पनौती क्या हमेशा अशुभ ही होती है या क्या इसे हमेशा बुरी किस्मत से जोड़ा जाना चाहिए. दरअसल, ज्योतिष अनुसार शनि देव की साढ़ेसाती या पनौती हमेशा ही नकारात्मक फल दे यह जरूरी नहीं है. क्योंकि शनि देव बुरा परिणाम नहीं देते हैं बल्कि वे कर्मों के अनुसार फल देते हैं. अगर आप पर शनि की साढ़ेसाती या ढैय्या चल रही है और आपने केवल अच्छे कर्म ही किए हैं तो आपको शनि देव अच्छे फल देंगे, इसी तरह बुरे कर्म का हिसाब करते हुए बुरे फल देंगे. साढ़ेसाती और ढैय्या काल में शनि देव केवल कर्मों का हिसाब करके उसके शुभ-अशुभ फल देते हैं. ऐसे में यह फल अशुभ ही होगा यह पूरी तरह से तय नहीं माना जा सकता है. शनि की पनौती को जीवन में सावधानी, अनुभव और अपने आपको पहचानने के मौके के रूप में देखना चाहिए. अपने कर्मों को सुधारना चाहिए और जीवन को अनुशासन के साथ जीने की कोशिश करनी चाहिए. इस तरह शनि की पनौती के प्रभाव को सकारात्मक किया जा सकता है.
( Disclaimer: यह लेख सामान्य ज्योतिषीय जानकारी और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित है, इसे अंतिम सत्य या निर्णय का आधार न मानें, व्यक्तिगत कुंडली के लिए योग्य ज्योतिषी से परामर्श अवश्य लें.)