)
क्या आप जानते हैं कि राजा दशरथ ने एक बार शनि देव के सामने ऐसे साहस का प्रदर्शन किया था कि शनि देव भी अति प्रसन्न हो गए और उन्हों वरदान भी दिया. यह पौराणिक कथा शुरू होती है एक योग से जो इतना भयानक था कि उससे अपनी प्रजा को बचाने के लिए महाराजा दशरथ शनि देव से जा भीड़े थे. आइए इस कथा के बारे में विस्तार से जानें.
पौराणिक कथा है कि अयोध्या में सम्राट दशरथ का शासन चल रहा है और प्रजा एक सुखमय जीवन जी रही थी. राज्य में हर ओर आनंद, शांति और समृद्धि थी. सम्राट दशरथ के राज्यकाल में ही ज्योतिष विद्वानों ने राजा को बताया कि शनि ग्रह को कृत्तिका नक्षत्र के अंतिम पद में हैं और जल्द ही शनि ग्रह रोहिणी नक्षत्र का विभाजन करेगा जिससे रोहिणी शकट भेदन योग बनेगा. जैसे ही शनि ग्रह का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश होगा वैसे ही देव और दानव दोनों के लिए बुरा समय शुरू हो जाएगा. भय बढ़ जाएगा और इस योग के बढ़ने से 12 सालों तक राज्य में दुख बना रहेगा और अकाल की स्थिति पैदा होगी.
जब महाराजा दशरथ ने रोहिणी शकट भेदन' का महासंकट को भांप लिया, वे कभी भी अपनी प्रजा को दुख में नहीं देख सकते थे. ऐसे में उन्होंने ज्योतिषियों से इसका समाधान पूछा. गुरु वशिष्ठ और प्रमुख ब्राह्मणों ने राजा को बताया कि रोहिणी नक्षत्र में शनि ग्रह के प्रवेश करने से जो नकारात्मक प्रभाव होगा उससे ब्रह्मा और इंद्र समेत सभी देवता भी सुरक्षित नहीं है. लेकिन राजा दशरथ को साधारण राज नहीं थे जो अपनी प्रजा को दुख में देख सकते थे. उन्होंने साहस जुटाया और अपने दिव्य धनुष और दिव्य आयुधों से सजे हुए रथ पर सवार होकर नक्षत्र मंडल पहुंच गए. मणियों और रत्नों से सजे रथ में बैठे हुए राजा दशरथ रोहिणी नक्षत्र के पास रुक गए. उनका रथ इतना चमकिला और सजाधजा था कि जैसे आकाश में दूसरा सूर्य चमक रहा हो. वहीं शनि देव जल्दी ही कृत्तिका नक्षत्र से निकलकर रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने वाले थे, तभी उन्होंने राजा दशरथ को देखा. शनि देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने ही वाले ही थे कि उनके सामने साहस के साथ राजा दशरथ अपने शस्त्रों के साथ खड़े हो गए.
देवतासुर संग्राम से ही राजा दशरथ का पराक्रम विश्व प्रसिद्ध हो गया था. ऐसे में उन्हें शस्त्रों के साथ देखकर शनि देव भी डर गए. उन्होंने दशरथ से हंसकर रहा राजन! मैंने तुम्हारे जैसा पुरुषार्थ और साहस किसी और में नहीं देखा. मनुष्य, सिद्ध, देवता, असुर, विद्याधर और सर्प जैसे जीव मेरे दर्शन भर से भय खाते हैं लेकिन हे रघुवंशी मैं तुम्हारे साहस से प्रसन्न हुआ. हे राजन! वर मांगो, तुम्हारी इच्छा पूरी होगी.
साहस से भरपूर राजा दशरथ ने शनि देव से वरदान मांगा कि हे सूर्य पुत्र शनि देव अगर आप मुझसे प्रसन्न हैं तो मैं आपसे वरदान मांगता हूं कि जब तक सागर, चंद्रमा, नदियां, सूर्य और पृथ्वी है, तब तक आप रोहिणी शकट भेदन न करें. राजा दशरथ की इच्छा पूरी करते हुए शनि देव ने उन्हें रोहिणी शकट भेदन न करने का वरदान दिया. ध्यान दें, ज्योतिष और पौराणिक मान्यताओं में रोहिणी शकट भेदन न हो इसके लिए आज भी शनि देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने या उसका भेदन से बचते हैं.
(Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी और मान्यताओं पर आधारित है, इसे धार्मिक सलाह न मानें, कोई भी उपाय अपनाने से पहले विशेषज्ञ या ज्योतिषाचार्य से सलाह लें, समझदारी से निर्णय लें.)