App

कभी पुलिस भर्ती से कतराते थे युवा, आज बस्तर फाइटर बनने के लिए मैदान में बहा रहे पसीना, देखें तस्वीरें

बस्तर में नक्सलवाद का असर कम होने के साथ युवाओं की सोच भी बदल रही है. कभी पुलिस भर्ती से दूर रहने वाले आदिवासी युवा अब कड़ाके की ठंड में बस्तर फाइटर बनने की तैयारी कर रहे हैं.

कभी पुलिस भर्ती से कतराते थे युवा, आज बस्तर फाइटर बनने के लिए मैदान में बहा रहे पसीना, देखें तस्वीरें
Image Credit: कोंडागांव में बस्तर फाइटर भर्ती की तैयारी में जुटे युवा.

बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद अब एक नई तस्वीर सामने आ रही है. कभी नक्सलियों के डर से पुलिस और सुरक्षा बलों में भर्ती होने से कतराने वाले युवा आज खाकी वर्दी पहनने का सपना देख रहे हैं. सुबह की कड़ाके की ठंड हो या मैदान में होने वाली कठिन शारीरिक परीक्षा, सैकड़ों आदिवासी युवा बस्तर फाइटर में भर्ती होने के लिए जमकर मेहनत कर रहे हैं. खास बात यह है कि इन युवाओं को पूर्व सैनिक प्रशिक्षण दे रहे हैं.

कोंडागांव में बस्तर फाइटर भर्ती की तैयारी में जुटे युवा
बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले में सुबह होते ही मैदान में युवाओं की भीड़ जुटने लगती है. कोई दौड़ लगाता नजर आता है तो कोई शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए अभ्यास करता है. सभी का लक्ष्य एक ही है, बस्तर फाइटर में भर्ती होकर खाकी वर्दी पहनना.

मैदान में सैकड़ों की संख्या में आदिवासी युवक भर्ती की तैयारी कर रहे हैं. उन्हें पूर्व सैनिक प्रशिक्षण दे रहे हैं. ये पूर्व सैनिक युवाओं को सेना के अनुशासन के साथ शारीरिक अभ्यास और भर्ती की बारीकियां भी सिखा रहे हैं. युवाओं की मेहनत और उत्साह बदलते बस्तर की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं.

नक्सलियों के डर से भर्ती से बचते थे युवा
दरअसल, नक्सलवाद के दौर में अंदरूनी इलाकों के युवाओं के सामने पुलिस और सुरक्षा बलों में भर्ती होना आसान नहीं था. नक्सलियों के दबाव और खौफ के चलते युवा इन सेवाओं में जाने से कतराते थे. उन्हें अपने भविष्य और सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता रहती थी लेकिन अब हालात में बदलाव देखने को मिल रहा है. जिन युवाओं के लिए कभी सुरक्षा बलों में भर्ती होना मुश्किल माना जाता था, वे आज पूरे उत्साह के साथ इसकी तैयारी कर रहे हैं. उनके भीतर वर्दी पहनने और सुरक्षा बलों का हिस्सा बनने का सपना साफ दिखाई दे रहा है.

कम पदों से युवाओं की बढ़ी चिंता
भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के उत्साह के बीच पदों की संख्या को लेकर निराशा भी है. कोंडागांव जिले में पद कम होने के कारण कई युवाओं को भर्ती में मौका मिलने की चिंता सता रही है.

इसी मुद्दे को लेकर आदिवासी युवा संघ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने की मांग भी कर चुका है. युवाओं की मांग है कि भर्ती में अधिक अवसर मिलें, ताकि तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मौका मिल सके.

बदलते बस्तर की नई तस्वीर
मैदान में युवाओं का बहता पसीना सिर्फ नौकरी पाने की तैयारी नहीं है, बल्कि यह बस्तर में बदलती सोच और परिस्थितियों की तस्वीर भी दिखाता है. कभी नक्सलियों के खौफ के कारण सुरक्षा बलों से दूरी बनाने वाले युवा अब खुद खाकी वर्दी पहनने का सपना देख रहे हैं.

अब सवाल सिर्फ भर्ती का नहीं, बल्कि उन युवाओं को पर्याप्त अवसर देने का भी है, जो मेहनत करके अपने भविष्य की कमान खुद संभालना चाहते हैं.
 

Reporter- CHAMPESH JOSHI
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

संध्या यादव एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News की रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हाइपरलोकल खबरों, राजनीति, अपराध और जनहित से जुड़े मुद्दों की कवरेज उनकी खासियत है.उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. इसके बाद मीडिया जगत में अपने करियर की शुरुआत की. Zee News से पहले वे Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम कर चुकी हैं. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने न्यूज प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.Mail : sandhya.yadav@zeemedia.comX Handle : https://x.com/JournosandhyaFacebook : https://www.facebook.com/sandhya.yadav.7906
Read More