App

हाथी से पंगा लेना पड़ा भारी! सूंड से ट्रैक्टर को पकड़कर ऐसा पटका कि उड़ गए परखच्चे; देखें VIDEO

कोरबा में हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर दंतैल ने पलटवार कर ट्रैक्टर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, हालांकि सभी ग्रामीण बाल-बाल बच गए. हाथियों के बेहद करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता था.

हाथी से पंगा लेना पड़ा भारी! सूंड से ट्रैक्टर को पकड़कर ऐसा पटका कि उड़ गए परखच्चे; देखें VIDEO
Image Credit: हाथी से पंगा लेना पड़ा भारी! सूंड से ट्रैक्टर को पकड़कर ऐसा पटका कि उड़ गए परखच्चे

छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक बेहद खौफनाक तस्वीर सामने आई है. यहां जंगल में हाथियों को भगाने गए ग्रामीणों को उन्हीं की ये कोशिश भारी पड़ गई. शोर से भड़के एक गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर पर ही हमला बोल दिया और उसे खिलौने की तरह झकझोर कर क्षतिग्रस्त कर दिया.

कोरबा में हाथी का रौद्र रूप आया सामने
मामला ​कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र स्थित आमा डुगरु के जंगल का है. वहां उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मोबाइल से वीडियो बनाते हुए शोर मचा कर ट्रैक्टर द्वारा हाथियों को खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों पर एक दंतैल ने अचानक पलटवार कर दिया. क्योंकि कैमरा चालू था तो हाथी के हमले का भी वीडियो कैमरे में कैद हो गया.

हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने ट्रैक्टर को झिंझोड़ा
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ग्रामीण जागर सिंह राठिया के ट्रैक्टर पर सवार होकर जंगल के भीतर पहुंचे और शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश करने लगे. तभी शोर से भड़के हाथी ने अचानक ट्रैक्टर की तरफ दौड़ लगाई और अपनी सूंड से उसके अगले हिस्से को जकड़ लिया. कुछ ही सेकंड में हाथी ने ट्रैक्टर को इतनी जोर से झिंझोड़ा कि उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

बड़ा हादसा होने से टला, बाल-बाल बच गए ग्रामीण
ऐसे में अगर ट्रैक्टर पलटता या कोई ग्रामीण नीचे गिरता तो बड़ा हादसा होना तय था. हालांकि, गनीमत रही कि सभी ग्रामीण बाल-बाल बच गए नहीं तो हाथियों के बेहद करीब जाना ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था.

ट्रैक्टर का हो गया कबाड़ा 
इस घटना में ट्रैक्टर का कबाड़ा जरूर हो गया, लेकिन ग्रामीणों की जान बच गई. वन विभाग लगातार चेतावनी दे रहा है कि हाथियों के करीब न जाएं, क्योंकि अगली बार ऐसी लापरवाही किसी बड़ी जनहानि में बदल सकती है.

​गौरतलब है की जिले में फिलहाल 18 हाथी विचरण कर रहे हैं, जबकि इस इलाके में 11 हाथियों का दल सक्रिय है, जिसमें एक नन्हा शावक भी शामिल है. शावक साथ होने की वजह से हाथी बेहद आक्रामक हैं.

(कोरबा से नीलम दास पड़वार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More