App

दुल्हनों की तुलना तवायफों से करने पर भड़के मौलाना सैफ अब्बास, बोले- ओवैसी सामने आएं और माफी मांगें

दुल्हनों के सजने-संवरने की तुलना तवायफों से करने संबंधी अख्तरुल ईमान के बयान पर मौलाना सैफ अब्बास ने नाराजगी जताई है. उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बताया और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से माफी मांगने की मांग की है.

दुल्हनों की तुलना तवायफों से करने पर भड़के मौलाना सैफ अब्बास, बोले- ओवैसी सामने आएं और माफी मांगें
Image Credit: Lucknow News (AI Image)

Lucknow News: हर माता-पिता की ख्वाहिश होती है कि शादी के दिन उनकी बेटी खूब सजे-संवरे, लेकिन अब दुल्हनों के सजने-संवरने को लेकर दिए गए एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है. एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कथित तौर पर शादियों में दुल्हनों के सजने-संवरने और उनके सार्वजनिक प्रदर्शन की तुलना तवायफों के प्रदर्शन से की है. उनके इस बयान पर शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास ने कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से बयान की निंदा करने और माफी मांगने की मांग की है.

बेटी को सजाना-संवारना गलत कैसे?

मौलाना सैफ अब्बास ने अख्तरुल ईमान के बयान को बेहद दुखद और निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि बेटी की शादी के मौके पर हर माता-पिता चाहते हैं कि उनकी बेटी अच्छी तरह सजे-संवरे. इस्लाम में भी सजने-संवरने की अनुमति दी गई है. ऐसे में उसके दायरे में रहकर ऐसा करना गलत नहीं है. दुल्हनों की तुलना तवायफों से करना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है.

सिर्फ मुस्लिम नहीं, सभी महिलाओं के सम्मान का सवाल

मौलाना ने कहा कि यह मामला केवल मुस्लिम महिलाओं से जुड़ा नहीं है, बल्कि देश की सभी महिलाओं की इज्जत का सवाल है. भले ही अख्तरुल ईमान ने किसी खास समुदाय को ध्यान में रखकर यह टिप्पणी की हो, लेकिन देश की महिलाएं इस तरह के बयान को स्वीकार नहीं करेंगी. उन्होंने कहा कि जिन बेटियों की तुलना तवायफों से की गई है, उनकी गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए.

ओवैसी से की माफी मांगने की मांग

मौलाना सैफ अब्बास ने असदुद्दीन ओवैसी से इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा. उन्होंने कहा कि ओवैसी को सामने आकर अख्तरुल ईमान के बयान की निंदा करनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए. इस तरह की टिप्पणी महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है.

टोपी को लेकर भी अख्तरुल ईमान पर साधा निशाना

अख्तरुल ईमान की टोपी संबंधी टिप्पणी पर मौलाना ने कहा कि आजकल राजनीतिक दलों के नेता भी टोपी पहनते हैं. यदि उन्हें टोपी पहनने पर आपत्ति है तो सबसे पहले अपनी पार्टी के अध्यक्ष और नेताओं से सवाल करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अख्तरुल ईमान खुद भी अक्सर टोपी पहनते हैं.

मौलाना ने कहा कि चुनाव के दौरान मुस्लिम समाज का हमदर्द बनने की कोशिश करने वाले अख्तरुल ईमान को इस बयान का राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें और अधिक नकार सकती है.

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अख्तरुल ईमान ने माफी नहीं मांगी तो मुस्लिम समाज और महिलाएं किस तरह विरोध दर्ज कराएंगी, इस पर अब ओवैसी को विचार करना चाहिए.

--आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More