)
वाहन चालान लंबित हैं तो वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है. सहारनपुर में 28 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. इसमें मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के लंबित चालानों का निस्तारण किया जाएगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव विदुषी मेहा ने आमजन से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने लंबित चालानों का निस्तारण कराएं और समय व धन दोनों की बचत करें.
28 नवंबर को विशेष लोक अदालत में निपटेंगे पुराने चालान
विदुषी मेहा ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन और जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन में 28 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष लोक अदालत आयोजित होगी. इसके तहत जनपद न्यायालय सहारनपुर, बाह्य न्यायालय देवबंद और ग्राम न्यायालय बेहट में एमवी एक्ट के लंबित चालानों से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया को भी पहले से काफी आसान बनाया गया है. संबंधित वाहन स्वामी अपने लंबित चालान का नोटिस लेकर न्यायालय पहुंच सकते हैं. साथ में मोबाइल फोन, आधार कार्ड की प्रति और वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज रखना जरूरी होगा. संबंधित न्यायालय में पहुंचकर अपने चालान के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है.
संविधान दिवस के अवसर पर स्कूलों में खास कार्यक्रम
वहीं, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर 'एक स्वर एक संविधान' कार्यक्रम के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विशेष आयोजन होंगे. सुबह 9 बजे विद्यार्थी एक साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे. इसके बाद क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन और पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया जाएगा. इसके लिए विद्यालयों में तैयारियां और प्रतियोगिताएं लगातार चल रही हैं. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि 28 नवंबर को विशेष लोक अदालत में पहुंचकर अपने लंबित वाहन चालानों का निस्तारण कराएं.
(सहारनपुर से नीना जैन की रिपोर्ट)