App

'रामायण' के लिए रवि दुबे का ऑडिशन वीडियो आया सामने, कास्टिंग डायरेक्टर ने शेयर किया टेप

फिल्म 'रामायण' की शानदार सफलता के बीच एक्टर रवि दुबे का ऑडिशन वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे लक्ष्मण रेखा का सीन करते नजर आ रहे हैं. कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने यह वीडियो शेयर किया है.

'रामायण' के लिए रवि दुबे का ऑडिशन वीडियो आया सामने, कास्टिंग डायरेक्टर ने शेयर किया टेप
Image Credit: कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने शेयर किया रवि दुबे का वायरल ऑडिशन टेप (instagram/imdb_in)

नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के 21 दिन बाद भी मजबूती से जमी हुई है. फिल्म में भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले रवि दुबे को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है. इसी बीच कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने रवि दुबे का वह ऑडिशन वीडियो जारी किया है, जिसने उन्हें इस मेगा बजट फिल्म में लक्ष्मण का रोल दिलाया था.

IMDb के साथ एक खास बातचीत के दौरान कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने रवि दुबे के उस ऑडिशन क्लिप को सबके सामने दिखाया, जिसके दम पर वे नितेश तिवारी की फिल्म का हिस्सा बने. इस वायरल वीडियो में रवि दुबे रावण द्वारा माता सीता के हरण से ठीक पहले वाला मशहूर 'लक्ष्मण रेखा' सीन परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में उनके चेहरे के हाव-भाव, संवाद बोलने का तरीका और गंभीरता साफ दिखाती है कि क्यों मेकर्स ने उन्हें इस अहम किरदार के लिए चुना. सोशल मीडिया पर फैंस इस क्लिप को देखकर रवि की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

21वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' का जलवा

एक तरफ रवि दुबे का वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है, तो दूसरी तरफ फिल्म की कमाई 2000 करोड़ के जादुई आंकड़े की तरफ तेजी से बढ़ रही है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 21वें दिन भारत में 15,700 शोज के जरिए 9.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. वहीं विदेशी मार्केट से भी फिल्म को 6 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हुई है. हालांकि, कुल कलेक्शन में घरेलू बॉक्स ऑफिस का योगदान अभी भी सबसे बड़ा बना हुआ है.

 

 

सभी भाषाओं में मिला दर्शकों का जबरदस्त प्यार

21वें दिन की कमाई को भाषा के हिसाब से देखें तो हिंदी वर्जन ने 13,463 शोज से करीब 6.75 करोड़ रुपये जुटाए हैं. साउथ की भाषाओं में भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है, जहां मलयालम वर्जन ने 811 शोज से 1.10 करोड़ रुपये और कन्नड़ वर्जन ने 448 शोज से 75 लाख रुपये कमाए हैं. इसके अलावा तमिल डब वर्जन ने 565 शोज के जरिए 70 लाख रुपये और तेलुगु वर्जन ने 413 शोज से 30 लाख रुपये का बिजनेस किया है.

1755 करोड़ के पार पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

इन ताजा आंकड़ों के साथ भारत में 'रामायण' की कुल नेट कमाई 982.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 1,173.60 करोड़ रुपये हो गया है. इसमें ओवरसीज मार्केट के 582 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन को जोड़ दें, तो फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 1,755.60 करोड़ रुपये के पार निकल चुकी है.

दमदार स्टारकास्ट, शानदार म्यूजिक ने जीता दिल

नितेश तिवारी के डायरेक्शन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' में भगवान राम की जीवन यात्रा, सीता हरण और रावण के साथ उनके महायुद्ध की कहानी दिखाई गई है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में हैं. प्राइम फोकस स्टूडियोज और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म में एआर रहमान और हंस जिमर ने मिलकर संगीत दिया है, जबकि इसके इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट संभाल रहा है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More