सर्व पितृ अमावस्या पर घर में दिखें ये संकेत, समझें मिल गया पितरों का आशीर्वाद, सफल हुआ श्राद्ध!
15 दिन पूरे मन से तर्पण किया, तिथि पर श्राद्ध या पिंडदान किया, पर ये कैसे पता चलेगा कि पितरों ने उसे स्वीकार किया या नहीं? इसे लेकर कुछ ऐसे संकेत बताए गए हैं, जो बताते हैं कि पूर्वज प्रसन्न हो गए हैं.
पितृ पक्ष खत्म होने को है, इन 15 दिनों में लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और उनके प्रति कृतज्ञता के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करते हैं. श्राद्ध पक्ष का आखिरी दिन सर्व पितृ अमावस्या होता है, जब पितरों को सम्मान से विदाई दी जाती है. पितृ अमावस्या कई मामलों में विशेष है. इस दिन उन पितरों के लिए श्राद्ध-तर्पण आदि किया जाता है, जिनकी तिथि ज्ञात नहीं है या किसी कारण से उस तिथि पर श्राद्ध-तर्पण नहीं हो पा रहा है. यदि इस दिन कुछ खास संकेत मिलें तो यह बताते हैं कि पूर्वज आपके द्वारा किए गए अनुष्ठानों से प्रसन्न हुए या नहीं. इस साल 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को सर्व पितृ अमावस्या है. आइए जानते हैं कि सर्व पितृ अमावस्या के दिन या उसके आसपास कौन-से संकेत मिलना शुभ माना गया है.
सर्व पितृ अमावस्या के शुभ संकेत
सपने में पूर्वजों का प्रसन्न दिखना: यदि सर्व पितृ अमावस्या या इसके आसपास सपने में पूर्वज प्रसन्न मुद्रा में दिखें, आशीर्वाद देते हुए दिखें, यह उनकी कृपा होने का संकेत है. ऐसा सपना बताता है कि पूर्वज आपके द्वारा किए गए पितृ कर्मों से प्रसन्न हैं और आपको आशीर्वाद दे रहे हैं.
गाय-कौए का आना और भोजन करना : सर्व पितृ अमावस्या के दिन गाय का आपकी चौखट पर आना और खाना. आपके द्वारा रखा गया भोजन करना. कौए के लिए निकाला हुआ भोजन कौए खाए. काली चींटियों का निकलना.
(यह भी पढ़ें: पितरों की भी होती है दिवाली! जानिए इस साल कब है यह खास दिन और दीपदान के नियम)
अतिथि का आगमन: सर्व पितृ अमावस्या या उसके आसपास अचानक घर में किसी मेहमान का आना भी पूर्वजों के प्रसन्न होने का संकेत है. मेहमान का अच्छे से आदर-सत्कार करें.
भिक्षुक या जरूरतमंद का आना : यदि दरवाजे पर कोई जरूरतमंद आए तो भी अच्छा है. आप उसे सामर्थ्यअनुसार भोजन, पैसे आदि दें.
दीपक का देर तक जलना : सर्व पितृ अमावस्या की रात दक्षिण दिशा में पितरों के नाम से दीपक जलाया जाता है. यदि वह काफी देर तक जले तो यह भी शुभ संकेत है.
मुरझाए पौधों का हरा होना: यदि घर में रखा कोई पौधा मुरझा गया था लेकिन सर्व पितृ अमावस्या के आसपास वह फिर से हरा-भरा हो जाए तो यह भी पूर्वजों के प्रसन्न होने का संकेत है.
पूर्वजों के नाराज होने के संकेत
यदि सर्व पितृ अमावस्या या उसके आसपास घर में बार-बार झगड़े-कलह हो तो इसे अच्छा नहीं कहा जा सकता है. सपने में पूर्वज आकर रोएं, नाराज हों या उदास दिखें तो यह भी उनके नाखुश होने का संकेत है. ऐसे में उनके नाम से दान-पुण्य करें. बुजुर्गों का सम्मान करें, चाहे वे आपके घर के हों या अनजान.
(Disclaimer: इस स्टोरी में बताए गए संकेत धार्मिक और लोकमान्यताओं पर आधारित हैं. इन्हें पितरों के आशीर्वाद का निश्चित या वैज्ञानिक प्रमाण नहीं माना जा सकता.)