)
नवरात्र शुरू हो चुका है, पूरे देश में लोग इस त्योहार को धूम-धाम से मना रहे हैं. इन दिनों माता की पूजा और साधना का खास महत्व होता है.
जो भी इस समय माता का सच्चे मन से उपासना करेगा, उसके जीवन में सुख-शांति बनी रहती है. सभी तरह के समस्याओं से छुटकारा मिलता है.
लेकिन कुछ लोग मां दुर्गा को अपने सपने में देखते हैं. अब सबके मन में ये सवाल आता है कि आखिर इस समय में माता के सपने में आने का क्या मतलब होता है.
जैसा कि हम जानते हैं कि हर सपने का अलग-अलग मतलब होता है. आज हम इस खबर में जानेंगे कि मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों और स्थितियों को देखने का क्या मतलब होता है.
शारदीय नवरात्र के समय में अगर आपने सपने में मां दुर्गा की कोई मूर्ति या सुंदर तस्वीर देखी है, तो स्वप्न शास्त्र में इसे बेहद शुभ माना गया है.
इस सपने का सीधा मतलब ये होता है कि आने वाले समय में आपको जीवन की बड़ी परेशानियों से छुटकारा मिलने वाला है.
ये आपके जीवन में खुशियों के लाने और अच्छे दिनों की शुरुआत का बहुत बड़ा इशारा माना जाता है. मां की तस्वीर देखना घर में पॉजटिव एनर्जी के बढ़ने का भी इशारा करता है.
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यदि कोई सपने में मां दुर्गा को उनके वाहन सिंह यानी शेर पर सवार देखता है, तो ये बहुत ही फलदायी हो सकता है.
इस दिव्य सपने से इशारे मिलते हैं कि आपको अपने करियर और कारोबार में बड़ी सफलता हासिल होने वाली है.
इसका मतलब यह साफ है कि आप पर मां दुर्गा की असीम कृपा बनी हुई है और आपके सारे रुके हुए काम अब तेजी से पूरे होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
सपने में मां दुर्गा को लाल रंग के कपड़ों में देखना बहुत ही मंगलकारी माना जाता है.
इस सपने से इस बात के संकेत मिलते हैं कि आपकी लंबे समय से अटकी हुई कोई बड़ी मनोकामना पूरी हो सकती है.
इसके अलावा, अगर किसी अविवाहित युवक या युवती को ऐसा सपना आता है, तो इसे बहुत शुभ माना जाता है.
माना जाता है कि उन्हें जल्द ही अपनी पसंद का मनचाहा जीवनसाथी मिल सकता है और वैवाहिक जीवन की राह आसान हो सकती है.
शारदीय नवरात्र के दौरान यदि आप सपने में खुद को देखते हैं कि मां दुर्गा आपको सीधे आशीर्वाद दे रही हैं, तो इस सपने को सबसे अधिक शुभ माना गया है.
ये इस बात का साफ संकेत है कि मां की खास कृपा आपके ऊपर बरस रही है. आपके जीवन के सभी दुख, दर्द और कष्ट अब बहुत जल्द दूर होने वाले हैं.
भविष्य में आपको हर क्षेत्र में सफलता मिलने की पूरी संभावना बनती है, जिससे मन में एक अलग ही आत्मविश्वास जगता है.
यदि आपने सपने में मां दुर्गा को किसी कारण से गुस्से वाले रूप में देख लिया है, तो इसे नजरअंदाज बिल्कुल नहीं करना चाहिए.
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, इस तरह के सपने को एक चेतावनी माना जाता है.
इसका मतलब ये हो सकता है कि जाने-अनजाने देवी की पूजा-अर्चना या विधि-विधान में कोई कमी रह गई है.
ऐसे में आपको सुबह स्नान करने के बाद सच्चे मन से मां दुर्गा के सामने बैठकर पूजा करनी चाहिए और अपनी भूल के लिए माफी मांगनी चाहिए.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हमारे सपने आने वाले समय का कई बार पहले ही इशारा कर देते हैं.
नवरात्र के दिनों में आने वाले ऐसे सपने हमें मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं और सकारात्मक ऊर्जा से भर देते हैं.
जरूरत इस बात की है कि हम पूरी श्रद्धा और नियम के साथ मां की आराधना करें.
यदि कोई शुभ सपना आए, तो मन में पॉजटिविटी रखें और यदि कोई चेतावनी भरा सपना दिखे, तो अपनी गलतियों को सुधारकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करें.
(Disclaimer): यह लेख स्वप्न शास्त्र की मान्यताओं, पौराणिक लोक-कथाओं और सामान्य धार्मिक परंपराओं पर आधारित है. इसका उद्देश्य पाठकों तक जानकारी पहुंचाना है.