)
हथेली की रेखाएं भी धन-संपत्ति से जुड़े अहम संकेत देती हैं. इसके लिए हस्तरेखा शास्त्र में हथेली पर बनने वाली कुछ खास आकृतियों, रेखाओं और शुभ चिह्नों का अध्ययन किया जाता है. जैसे धन का त्रिकाण, मछली का चिह्न, पर्वत का उभार आदि. साथ ही हथेली से धन राजयोग का भी पता चल सकता है. जिन लोगों के हाथ में ऐसा राजयोग बने वे अपार धन-संपत्ति के मालिक बनते हैं. हस्तरेखा विशेषज्ञ इंदुबाला शर्मा से जानते हैं हथेली के जरिए आर्थिक स्थिति पता करने की कुछ आसान टिप्स, जिन्हें आप खुद अपनी हथेली में चैक कर सकें.
जीवन में समृद्धि और पैसा मिलने के योग : हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार जब किसी जातक के हाथ में गुरु पर्वत, बुध पर्वत, चंद्र पर्वत और शुक्र पर्वत अच्छे एवं विकसित हों, तो ऐसे जातक अपने जीवन में समृद्ध और धनवान व्यक्ति होते हैं. ये लोग समय के साथ धन-संपत्ति कमाते हैं.
धन कमाने के खूब मौके : जब किसी जातक के हाथ में निर्दोष भाग्य रेखा यानी कि बिना कटी-फटी भाग्य रेखा मणिबंध से शुरू हो और इसके आरंभ में मछली का चिह्न हो, तो ऐसे व्यक्ति अपने पूरा जीवन ऐशोआराम में बिताते हैं. इनके पास खूब धन-संपत्ति रहती है. कई मामलों में यह उन्हें विरासत में मिलती है. साथ ही उन्हें जीवन में धन कमाने के भी कई अवसर मिलते हैं.

हथेली में राजयोग : जब किसी व्यक्ति के हाथ में जीवन रेखा, भाग्य रेखा और मस्तिष्क रेखा मिलकर एक बड़ा त्रिकोण बनाती हों, तो हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार इसे एक राजयोग माना जाता है. ऐसे जातक भी प्रचुर धन-संपत्ति के स्वामी होते हैं.
वहीं जीवन रेखा, मस्तिष्क रेखा और बुध रेखा आपस में मिलकर एक बड़ा त्रिकोण बनाएं तो ऐसे लोग बिजनेस के जरिए खूब पैसा कमाने में सफल होते हैं. इसके लिए आवश्यक है कि बुध पर्वत और बुध रेखा को कोई आड़ी रेखा काट न रही हो और उस पर किसी प्रकार का नकारात्मक चिन्ह न हो.
सरकार से मिलता है पैसा : सूर्य रेखा या सूर्य पर्वत पर शुभ चिह्न, जैसे मछली, स्टार, त्रिकोण आदि हों, तो ऐसे लोगों को सरकार से पैसा मिलता है. साथ ही उन्हें बार-बार बड़ा आर्थिक लाभ मिलने की संभावना मानी जाती है.
समय के साथ बढ़ता है पैसा : जीवन रेखा से निकलने वाली रेखाएं संकेत देती हैं कि ऐसे व्यक्ति को समय-समय पर धन प्राप्त होता रहता है. इसे हम वेतन में बढ़ोतरी, बिजनेस में बड़े ऑर्डर या अन्य स्त्रोतों से पैसा मिलने से जोड़कर देख सकते हैं.
अचानक बनते हैं अमीर : जब किसी जातक के हाथ में भाग्य रेखा की शुरुआत राहु पर्वत से होती है, तो ऐसे लोगों को अचानक पैसा मिलने के योग बनते हैं, जैसे- लॉटरी अथवा शेयर मार्केट जैसे माध्यमों से भी पैसा मिल सकता है. वहीं राहु अशुभ हो तो ऐसे लोग जल्द ही अपना पैसा खो भी देते हैं.
बता दें कि किसी भी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति में आने वाले उतार-चढ़ाव का अध्ययन करने के लिए गुरु पर्वत, शुक्र पर्वत और चंद्र पर्वत का भी अध्ययन करना जरूरी है. इसके साथ ही हथेली पर बने शुभ एवं अशुभ चिह्न भी इसमें अहम रोल निभाते हैं.
(Disclaimer: हस्तरेखा शास्त्र एक पारंपरिक मान्यता है. हथेली की रेखाओं और चिह्नों के आधार पर धन-संपत्ति या भविष्य की निश्चित भविष्यवाणी का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. इसे जानकारी और पारंपरिक मान्यताओं के तौर पर ही लें.)