)
सरकारी नौकरी लगेगी या प्राइवेट, मेरे लिए बिजनेस सही है या जॉब या करियर में बड़ी सफलता कब मिलेगी? ये वो सवाल हैं जो करियर शुरू करने वाले युवाओं और कामकाजी लोगों के मन में अमूमन होते ही हैं. हस्तरेखा में करियर, कारोबार, शोहरत से जुड़े ऐसे कई सवालों के जवाब कुछ खास रेखाओं और पर्वत की स्थिति का एनालिसिस करके दिए जाते हैं. हस्तरेखा विशेषज्ञ इंदुबाला शर्मा से जानते हैं हाथ की रेखाओं के जरिए करियर से जुड़ी खास बातें जानने के आसान तरीके.
करियर और भाग्य के बारे में जानने के लिए हस्तरेखा शास्त्र में
हथेली की 2 रेखाओं का अहम रोल होता है- भाग्य रेखा और सूर्य रेखा.
भाग्य रेखा हथेली में कहां होती है : हथेली में कलाई के पास या बीच में कहीं से भी शुरू होकर शनि पर्वत तक पहुंचने वाली रेखा को भाग्य रेखा या शनि रेखा कहा जाता है. शनि पर्वत हथेली की सबसे लंबी उंगली के नीचे का उभार होता है.
सूर्य रेखा हथेली में कहां होती है : सूर्य पर्वत पर खड़ी रेखा को सूर्य रेखा कहा जाता है. रिंग फिंगर के नीचे के उभार को सूर्य पर्वत कहते हैं.
सरकारी नौकरी का योग - जिस व्यक्ति की हथेली में सूर्य रेखा लंबी और बेहद गहरी हो, साथ ही सूर्य पर्वत उभरा हुआ हो, तो ऐसे व्यक्ति को सरकारी क्षेत्र से लाभ होने या सरकारी नौकरी मिलने के योग बनते हैं. ध्यान रहे कि सूर्य रेखा कटी न हो. 
करियर में बदलाव होने का संकेत - यदि भाग्य रेखा मस्तिष्क रेखा (अंगूठे के पास से शुरू होकर हथेली से बाहर की ओर जाती हुई आड़ी रेखा) पर आकर रुक जाए या उस स्थान पर अपना रास्ता बदल दे, तो यह करियर में परिवर्तन का संकेत माना जाता है. यानी ऐसे व्यक्ति के करियर में कभी न कभी अहम बदलाव आते हैं.
करियर में बार-बार रुकावटें आना - यदि भाग्य रेखा को कई आड़ी रेखाएं काटें तो ऐसे व्यक्ति के करियर में बार-बार रुकावटें आती हैं. उसे तरक्की मिलने में समस्या हो सकती है.
नौकरी या बिजनेस - यदि हाथ में भाग्य रेखा की शुरुआत जीवन रेखा से होता है तो ऐसी स्थिति में व्यक्ति के बिजनेस करने और उसमें सफल होने के योग बनते हैं. जीवन रेखा इंडेक्स और अंगूठे के बीच से शुरू होकर कलाई की ओर गोलाई में जाने वाली रेखा होती है. इसके अलावा व्यापार में सफलता की स्थिति के लिए सबसे छोटी उंगली के नीचे स्थित बुध पर्वत पर खड़ी लाइनों का अध्ययन भी जरूरी होता है.
35 की उम्र के बाद बड़ी सफलता - जब जातक की हथेली में भाग्य रेखा की शुरुआत मस्तिष्क रेखा से होती है, तो व्यक्ति को 35 वर्ष की उम्र के बाद करियर या व्यवसाय में बड़ी सफलता मिलने के योग बनते हैं.
35 की उम्र के बाद बड़े बदलाव - यदि भाग्य रेखा मस्तिष्क रेखा पर स्थान परिवर्तन करती है, तो 35 वर्ष की उम्र के बाद व्यवसाय या नौकरी में बदलाव का संकेत होता है. इस समय व्यक्ति की पर्सनालिटी, सोच और जगह में परिवर्तन के योग बनते हैं. ये सकारात्मक होंगे या नकारात्मक इसका पता भाग्य रेखा समेत अन्य स्थितियों के अध्ययन से लगाया जाता है.
यदि भाग्य रेखा मस्तिष्क रेखा पर आकर समाप्त हो जाए, तो भी नौकरी या व्यवसाय में परिवर्तन का समय माना जाता है.
(Disclaimer: हस्तरेखा शास्त्र एक पारंपरिक मान्यता है. हथेली की रेखाओं के आधार पर करियर, सरकारी नौकरी या बिजनेस का भविष्य निश्चित रूप से तय नहीं किया जा सकता.)